सुबह के इन्तज़ार में - अच्युतानंद मिश्र

Achyutanand Mishraअच्युतानंद मिश्र27 Feb 1981

4 min read · 12.4K reads

रात के हारमोनियम पर
बजता है एक क्षीण स्वर
सीटी बजाती हुई रेलगाड़ी
दूर जाकर रूक गई है ।

बैचेन आत्माओं को
नींद कहाँ आती है ?

गुदरी से बाहर निकलती देह
ताकती है आसमान को
समय का रथ कहीं
कीचड़ में फँसा-सा लगता है
भीषण रात ये
सीने पर वज्रपात ये
कटेगी मगर रात ज़रूर
स्मृतियाँ भाप बन
थोड़ा गर्मा रही है मन को
शांत क्षणों में
काँपती हैं क्षीण कायाएँ ।

मगर अभी-अभी खुलते देखा
कुछ कोंपलों को
बढ़ रहे हैं ये
लेकर खाद पानी मिट्टी से
हम भी तो टिके हैं
इन्हीं मिट्टियों पर
खुदे न सही जुड़े तो हैं ।
कुछ बढ़ेंगे
हम ज़रूर
दुःख अभी आधा ही है
पकड़े हुए है मिट्टी
आधा दुःख
यह आधी रात
सुबह के इंतज़ार में
Achyutanand Mishra
About the poet

Achyutanand Mishra अच्युतानंद मिश्र

युवा कवि-आलोचक अच्युतानंद मिश्र का जन्म 27 फरवरी 1981 को बोकारो में हुआ | स्कूल तक कि पढ़ाई बोकारो से । आगे की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय से हुई ।विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में कविताएँ एवं आलोचनात्मक गद्य प्रकाशित ।हाल ही में संवेद फ़ाउंडेशन से आलोचना की पुस्तिका…

View profile & all 63 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like