मैं थूकने की आदत भूल गया हूँ - अच्युतानंद मिश्र

Achyutanand Mishraअच्युतानंद मिश्र27 Feb 1981

6 min read · 12.4K reads

लगातार गटकते हुए
एक दिन सहसा
मैंने महसूस किया
मैं थूकने की आदत
भूल गया हूँ
थूकना अब मेरी रोज़-मर्रा की
आदतों में शुमार नहीं

जबकि मुझे थूकना था असंख्य बार
मैं उनदिनों की बात कर
रहा हूँ
जब सूरज बुझा नहीं था
और चन्द्रमा विहीन काली रात
कभी कभी फिसलकर
चमक उठती थी माथे पर

सुहागिन औरत
सरीखी पृथ्वी
असीसती थी
और बरसात होती थी

काले बादलों के शोर में
छिप जाता था दुःख
दुःख जो कि
नदी थी
दुःख जो कि घर था
दुःख जो कि पिता थे
दुःख उमड़ते हुए बादल
दुःख असमान था
दुःख माँ थी
दुःख बहन की आंख थी
जो सूखती हुई नदी थी

समय था
सूखते हुए पत्तों सा
इच्छायें थी
भुरभुरी रेत सी
कल्पनाओं के अनंत पतवार थे
और हम डूबते हुए नाव पर सवार थे

कट जाएँ स्मृतियों के
जीवित तन्तु
बह जाये अंतिम बूंद रक्त
भविष्य की शिराओं से
मैं अंतिम बार थूकना चाहता हूँ
जिन्दगी के इस माथे पर
जिसके कंठ में अटका है
दुःख और
चेहरे फैली हुई
है आसुओं की रक्तिम बूंद

लेकिन मेरी मुश्किल है
मैं थूकने की आदत
भूल गया हूँ
Achyutanand Mishra
About the poet

Achyutanand Mishra अच्युतानंद मिश्र

युवा कवि-आलोचक अच्युतानंद मिश्र का जन्म 27 फरवरी 1981 को बोकारो में हुआ | स्कूल तक कि पढ़ाई बोकारो से । आगे की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय से हुई ।विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में कविताएँ एवं आलोचनात्मक गद्य प्रकाशित ।हाल ही में संवेद फ़ाउंडेशन से आलोचना की पुस्तिका…

View profile & all 63 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like