किसी और ही साँचे में - अच्युतानंद मिश्र

Achyutanand Mishraअच्युतानंद मिश्र27 Feb 1981

6 min read · 12.4K reads

लिखना इतना आसान
नहीं रह गया था हमारे समय में
शब्द रेत पर खिंची गई
लकीरों की तरह
हवा की प्रतीक्षा में ही
ख़त्म हो जाते ।
घर से चलने के बाद
थोड़ी देर हम
जिस नीम के पेड़ के नीचे
सुस्ताने बैठते
वह भी अब उतना
विश्वसनीय नहीं रह गया था
मौतें होती
उत्तेजनाओं से नहीं
ऊब से
घृणा फैल रही थी
धूप के चादर में लिपटी हुई ।

बारिश के रोयेंदार फरों के भीतर
छिपी आस्थाएँ
जब कसमसाती
सितारों की नीली रोशनी
उन्हें धुँधला कर देती
गीत के उजले आलोक में
भूख रात भर
एक सियार की तरह कहरती रहती ।

नसों में ढ़ीला पड़ गया जीवन
रूके हुए नाले की तरह
सड़ता रहता
ख़ुशियाँ थी
लेकिन ऊँघती हुई

शाम की कत्थई उदासी
अब भी उन चेहरों को
आलोकित करती
और चाँद की मटमैली फ़ीकी रोशनी
अब उन चेहरों तक आते-आते
ख़त्म हो जाती
रात का झींगुर
नदी के कल-कल में नहीं
गाड़ियों के कोलाहल में
राह भटक जाता

पिता पूछते अक्सर
कौन सा समय है यह ?
हम तारीख़ों में लिपटीं
एक ख़ुशबूदार रूमाल
उनके सिरहाने छोड़ जाते

वैसे इस समय में
‘‘चल रहा है सब कुछ’’
यही कहा जाता रहा लगातार
पर कहीं-कहीं
दबी हुई ज़ुबान में कहा गया
रूका हुआ सब कुछ
‘‘किसी और ही साँचे में
ढाला जा रहा है ।’’
Achyutanand Mishra
About the poet

Achyutanand Mishra अच्युतानंद मिश्र

युवा कवि-आलोचक अच्युतानंद मिश्र का जन्म 27 फरवरी 1981 को बोकारो में हुआ | स्कूल तक कि पढ़ाई बोकारो से । आगे की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय से हुई ।विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में कविताएँ एवं आलोचनात्मक गद्य प्रकाशित ।हाल ही में संवेद फ़ाउंडेशन से आलोचना की पुस्तिका…

View profile & all 63 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like