एकालाप - अच्युतानंद मिश्र

Achyutanand Mishraअच्युतानंद मिश्र27 Feb 1981

22 min read · 12.4K reads

जब रौशनी हुई
तो मै पढ़ने लगा
और अँधेरा हुआ
तो ख़ुद से लड़ने लगा

पढ़ाई और लड़ाई के बीच
एक अदद ज़िंदगी गुज़रती रही
ठहरती रही
चढ़ती रही
उतरती रही
पिछड़ती रही
नहीं कहूँगा की
सड़ती रही

रौशनी का ख़याल था
वैसे दिल को थोड़ा मलाल था
सबसे ऊपर एक ज़रूरी सवाल था
कि सवाल गुम हो गए थे
और हम ढूँढ़ लिए गए थे
हम पहचान लिए गए थे
हमारी शिनाख़्त हो चुकी थी
हम पिट चुके थे
हम सराहे जा चुके थे
हम चूक गए थे
हम चुन लिए गए थे
और हम कुछ नहीं हुए थे

कुछ नहीं का जुमला
ख़ूब चलता था
मसलन कुछ नहीं
बरसात है
धूप है
रात है
क़त्ल है
वारदात है
पुलिस है
नक्सलाइट है
अँधेरा है
लाइट है
और कुछ नहीं था

क्या हम जंगलो से भाग आए थे
अपनी कटी हुए पूँछ की तलाश में
किसी मूसा के पीछे
किस आदम औहौवा की स्मृति में
हम जी रहे थे

धूप में हम पीले पड़े
बरसात में गीले
और ठंड का धुँधलापन
एक नीलापन बन गया

पिता हमारे रास्ते में
बस की तरह नहीं आते थे
वे आते थे और चले जाते थे
दिन की तरह
मौसम की तरह
ख़त की तरह
भूख की तरह
रुमाल की तरह
और कभी-कभी
अँधकार की तरह

पिता अँधकार की तरह
नहीं डूबते हुए संस्कार की तरह
आते थे
और रात भर चौकी पर
करवटों की तरह
इधर से उधर
उधर से इधर
और घर
घर से बाहर
बाहर से घर तक
चले आते थे

हम भी चले थे
घर से बेघर की तरह
बेघर होकर घर की तरफ़
घर की तरफ़ पिता नहीं
रौशनी थी
रौशनी में पिता नहीं
पिता की अनुपस्थिति थी

शाम ढलती थी
और ख़त आते थे
ख़त में कुहरती माँ
डकरते घर
उजड़ते शहर
टूटती सड़क
उफ़नती नदी
और एक हँसता
गुलाबी निशान आता था
महज़ खत आते थे
और सब आते थे
और सब चले जाते थे

ख़त आता
पिता बेकार हो जाते
और हम बेरोज़गार
बेकारी और बेरोज़गारी के बीच
टँगा हुआ चँद्रमा था
टँगी हुई थी माँ की पुरानी फोटो
जिसमे माँ नायिका-सी मुस्कुराती थी

मित्र कहते
बेकारी और बेरोज़गारी के बीच
जैनरेशन-गैप है
और इन व्याख्याओं में
बेरोज़गारी और बेकारी दोनों सुरक्षित थे

सुरक्षित था जीवन
आरक्षित था मन
केंद्रित था पतन
और ठगा जा रहा था वतन

हम भी ठगे जा रहे थे
ठग रहे थे
सो रहे थे
जग रहे थे

कुछ था जो नहीं था
जो नहीं था हम वहीँ थे
हम कहाँ थे
हम जहाँ थे
वहीँ नहीं थे
इसी तरह जीवन
था और है के बीच
एक बिसरे हुए पहाड़े-सा
याद आता और चला जाता
महज जोड़-घटाव था
और हिसाब था की नदी
की तरह चढ़ता जा रहा था

बाढ़ की घोषणाएँ थी महज़
और कूड़ा-कतवार
गले तक भर आता
मरे हुए साँप
और उनके पेट में मरे हुए अंडे
मरे हुए अंडों में
मरी हुए कोशिकाएँ
जिनके भीतर गतिमान अणु
अणुओं के मध्य
कहीं झिलमिलाता परमाणु था

दुनिया की व्याख्या हो रही थी
और लगता था की
अब दुनिया समझी जा चुकी है
इसलिए लोग चन्द्रमा
और मंगल
और बृहस्पति
और यहाँ तक की शनि को समझ रहे थे
और सब समझ रहे थे
की वे क्या समझ रहे थे
वे समझ रहे थे की
वे कुछ नहीं समझ रहे थे
और एक दिन समझते हुए
वे कही नहीं रहे थे
बस, नहीं रहने का समझना था
और समझ-समझ कर रहना था
 
बेरोज़गारी और रेज़गारी के
अंतर्संबंधों की जटिल व्याख्याएँ थीं
व्याख्याओं के लिए सुविधाओं का अम्बार था
कल तक जहाँ पहाड़ था
आज वहाँ दैनिक अख़बार था

अख़बारों में ख़बरें थी
ख़बरों के ख़बरची थे
कुछ सच्चे
कुछ नक़लची थे
नक़लचियों की भी नक़लें थी
और शक़्लों के भीतर भी शक़्लें थी

कुछ नहीं था
बस भीतर की एक जिरह
रात की बुदबुदाहट
कुछ घटने का स्वप्न
कुछ ख़तरनाक
कुछ ख़ौफ़नाक इच्छाएँ थीं
जो महज़ इच्छाएँ बनकर रह गई थीं

एकालाप और संलाप का ल्म्बा नाटक था
जिसके बीच गायकों का लम्बा अलाप था
कहीं मन्त्र जाप था
तो कहीं विलाप था
व्याख्याएँ थी
व्याख्याओं के भीतर भी व्याख्याएँ थी
उसके भीतर आदमी था
जिसके भीतर जनसँख्या थी
देश था राष्ट्र था
नियम थे कानून थे
घर थे बाज़ार थे
शहर थे कारोबार थे
और लोग बेकार थे

गोली चलती
और संसद में बहस होती
बहस होती और गोली चलती

सब कुछ के बावजूद
एक भुलाए जा सकने वाले
स्वप्न की तरह का
ये दौर गुज़र रहा था
 
स्मृतियाँ थीं
और स्मृतियों के पहाड़ थे
पहाड़ पर मीनार थी
मीनार पर झूलता एक क्रॉस था
कुछ कहते वह घड़ी है
कुछ बताते वह ईसा मसीह है

सभ्यताओं के नदी के किनारे
होने की आदिम स्मृतियाँ
डायनासोर के फॉसिल के
डी० एन० ए० में दर्ज़ थी
जिसके बारे में सब चुप थे
तिस पर भी
कवि कलाकार बेहद ख़ुश थे
Achyutanand Mishra
About the poet

Achyutanand Mishra अच्युतानंद मिश्र

युवा कवि-आलोचक अच्युतानंद मिश्र का जन्म 27 फरवरी 1981 को बोकारो में हुआ | स्कूल तक कि पढ़ाई बोकारो से । आगे की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय से हुई ।विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में कविताएँ एवं आलोचनात्मक गद्य प्रकाशित ।हाल ही में संवेद फ़ाउंडेशन से आलोचना की पुस्तिका…

View profile & all 63 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like