धरती की सबसे उदास औरत - अच्युतानंद मिश्र

Achyutanand Mishraअच्युतानंद मिश्र27 Feb 1981

6 min read · 12.4K reads

किसी नक़ाबपोश रात में
धरती की सबसे उदास औरत
लौटती है मेरे सपने में
सिरहाने छोड़ जाती है ख़त के टुकड़े
सूखे हुए गुलमोहर के फूल

धरती की सबसे उदास औरत पूछती है
क्यों प्रेम-पत्र हर बार
मिलता है उसे टुकड़ों में
क्यों गुलमोहर के फूल
उस तक आते-आते सूख जाते हैं
क्यों एक ही समय में
दो मौसम हो जाते हैं
एक पतझर उसका
दूसरा वसंत उनका

धरती की सबसे उदास औरत
अपने सपनों का इतिहास दुहराती नहीं
पर लौट जाती हैं हर बार
किसी दूसरे के सपने में !

धरती की सबसे उदास औरत के पास
क्या अब भी कोई सपना है ?
वह सपने के बाहर है
तो सूरज से कितनी दूर ?
कैसे तब्दील कर लेती है वह
सपनों को रोटी में !

धरती की सबसे उदास औरत
जब चलती है ज़मीन पर
पीछे छूट गए पाँव के निशानों को निहारती है
वह हाथ बढ़ाती है
सपनों के बाहर की दुनिया को थामने के लिए
अपनी गोद में खिलाने के लिए

धरती की सबसे उदास औरत
अपने बगल में लेटे पुरूष को
जानवर में तब्दील होते देखती है
पहचानती है उसे थोड़ा घबराती है
फिर जूड़ों में दबा पिन निकालती है
उसकी नोक को अपनी उँगलियों से तौलती है
और मुस्कुराती है
धरती की सबसे उदास औरत
ठहाके मारकर हँसती है
Achyutanand Mishra
About the poet

Achyutanand Mishra अच्युतानंद मिश्र

युवा कवि-आलोचक अच्युतानंद मिश्र का जन्म 27 फरवरी 1981 को बोकारो में हुआ | स्कूल तक कि पढ़ाई बोकारो से । आगे की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय से हुई ।विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में कविताएँ एवं आलोचनात्मक गद्य प्रकाशित ।हाल ही में संवेद फ़ाउंडेशन से आलोचना की पुस्तिका…

View profile & all 63 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like