तुम दुःखो का हलाहल मुझे दे देना,

मैं नीलकंठ बन जाऊँगा।


अपने हाथों से जरा छू लेना,

मैं बोध प्राप्त कर जाऊँगा।


सुबहों को मेरी तुम जगा देना,

मैं किरणें खिंच घर लाऊँगा।


शामों को तुम जब हताश से होगे,

मै प्याला जाम का बन जाऊँगा।


जब फुलों से तुम खिल उठोगे,

मै बावरा भौंरा बनकर आऊँगा।


शुष्क सा होगा तुम्हारा ये मन,

मैं बारिश सा झर जाऊँगा।


बरसती जो होंगी तुम्हारी आँखें,

मैं सीने पर सुकून बन आऊँगा।


और अगर अश्रु तेरे मेरी हो देन,

बस कह देना तुम,

मै चुपचाप तेरी मीरा बन जाऊँगा।