मैं दीपक की लौ जलाऊँ
तुम माटी के दिये बनाओ
मैं दीपक की लौ जलाऊँ
अनुशय सारे अब बिसरा कर
टूटे रिश्तों को फिर अपनाऊँ ।
घर आँगन को कर रोशन
पटाखों का तुम्हें शोर सुनाऊँ
बाँट खील बताशे और मिष्ठान
मधुर पलों को गले लगाऊँ ।
राह दिखे जो मुरझाए चेहरे
उन कुंठित आँखों को चमकाऊँ
जिन घरों में छाया हो अंधेरा
उनको उज्ज्वल रोशन कर जाऊँ ।
अब मतभेदों का हटा आवरण
मै प्रेम का नव परिधान पहनाऊँ
छोड़ जीर्ण इन प्रथाओं को पीछे
मैं नित्य नई चेतना जगाऊँ ।
खुशियों की अगर-धूप से
हर आँगन को महकाऊँ
तुम माटी के दिये बनाओ
मैं दीपक की लौ जलाऊँ ॥
-सुधीर बडोला
