'दोस्ती और वक्त': दोस्त एक अदृश्य सी परछाई


जीवन के सुनहरे क्षण

जब मान था सम्मान भी

और प्रतिष्ठा चरम पर

सफलतायें हर मोड़ पर

और प्रशंसकों की होड़ थी,

पर फिर भी तुम सम्मुख मेरे

कर रहे थे मेरी आलोचना ।


फिर वक़्त करवट ले चला

और विपत्तियों घनघोर आई

हर कोई रूठा, साथ भी छूटा

सब्र का मेरा बाँध भी टूटा

नाता रिश्ता कोई काम ना आया

मानो साथ छोड़े अपना साया ।


तब इस मुश्किल घड़ी में

दोस्त, तू अकेला तलबगार था

और काँधे पर हाथ रख मेरे

क़रीब खड़ा तेरा किरदार था

निःस्वार्थ अडिग और तनकर

एक अदृश्य सी परछाई बनकर


-सुधीर बडोला