एक दीप तुम ऐसा जलाओ…
ज्ञान से जो हो आलोकित
वैचारिक आधुनिकता अपनाये
अभिव्यक्ति से हो स्वतंत्र
एक दीप ऐसा तुम जलाओ ।
संयम का नव परिधान ओढ़े
धरे हस्त श्रम के दस्ताने
हो संघर्ष से ज्वलंत जो
एक दीप ऐसा तुम जलाओ ।
कन्या जन्म पर उत्सव मनायें
स्त्री में लक्ष्मी साक्षात नजर आए
हर मन में शिक्षा का भाव जगे
एक ऐसा दीप तुम जलाओ ।
हर रोग का यहाँ उपचार हो
ना भूख से कोई लाचार हो
अब शहर गाँव का रुख़ करे
एक ऐसा दीप तुम जलाओ ।
हर हिंदुस्तानी साथ संग चले
मतभेदों पर मीठी चासनी घुले
पटाखों के धुएँ में हों नफ़रतें विलुप्त
एक दीप ऐसा तुम जलाओ ।
-सुधीर बडोला
