सब लोगों को खुश रखने का
यही एक उपचार
फर्ज़ निभाओ अपने सारे
मत मांगो अधिकार
ऐसा वैसा सबका सोचो
बिना कोई आधार
और भूलकर गलती से भी
मत मांगो अधिकार
जीवन के सब मूल्य त्याग कर
झुक जाओ हर बार
दोष समूचा सिर अपने लो
मत मांगो अधिकार
माफ़ गलतियां सारी कर दो
जैसा हो व्यवहार
स्व - गलती पर क्षमा मांग लो
मत मांगो अधिकार
अगर चाहते हो तुम जग में
बड़ा कहे संसार
मंत्र यही तुम आत्मसात लो
मत मांगो अधिकार
~ मणि श्रीवास्तव ' माहा '


