#स्त्रियाँ 

देखा है मैंने उन स्त्रियों को,

अपनों के लिए जीते हुए,

सुबह से रात तक उनके आगे पीछे चक्कर लगाते,

कभी सास, कभी ससुर, कभी पति, कभी बच्चे

भरी रहती है रिश्तेदारों से भी उनका आशियाना,

जैसे घर नहीं होटल हो कोई,

घरवालों की खातिर, 

सारी जिम्मेदारियां निभाती,

फिर भी अपना कुछ नहीं,

सारे फैसले दूसरे लेते उसके लिए,

दिल से आह तो निकलती है,

पर जुबां तक ला नहीं सकती,

खुद कितनी भी दर्द सह ले,

पर उफ्फ तक नहीं कर सकती,

जब दर्द हद से गुजर जाए, 

दिखता है तब किसी को, 

हो जाए कभी गलती से भी गलती,

सब बरस जाए ऐसे जैसे वो इंसान नहीं,

खुद के लिए समय नहीं,

बैठ कभी खुद के लिए जीए,

खुद की दिल की भी सुने,

दोस्‍त कोई होते नहीं इनके, 

जिनके साथ बैठ कुछ पल बिताएं, 

ना जाने कितने अरमां मर जाते दिल में ही, 

अपनी मर्जी से अपने कपड़े भी नहीं पहन सकती, 

खुद को देखती दूसरों की नजरों से, 

कभी कुछ कर भी लें अपने दम पर,

घरवाले सदा यही कहते,

कुछ कर नहीं पाती तुम मेरे बिना,

वो सिर्फ मुस्कुरा देती,

क्योंकि पता है ना उसे, 

उसके काबिलियत की कोई कद्र नहीं,

गुस्सा भी हो जाए कभी, 

हिम्मत कर कुछ बोल दे अगर, 

सुनाई जाती खरी खोटी मायके वालों की, 

गुस्से में भी ये सोच नहीं सकती, 

चली जाए कोप भवन में, 

क्योंकि फिर घरवालों की चिंता, 

ऐसे ही ज़िन्दगी बिताती रहती वो, 

खुद को भूल अपनों के इर्द गिर्द घूमती, 

माना अपनों के बिना ज़िन्दगी अधूरी है, 

पर क्या अपना कोई अस्तित्व नहीं, 

अपनी कोई सोच नहीं, 

अपनी कोई इच्छा नहीं, 

बातें करते हैं लोग अध्यात्म की, 

क्या इतना आसान है स्त्रियों के लिए, 

सिद्धार्थ से बुद्ध हो जाना, 

आसान नहीं ऐसे समाज में स्त्रियों के लिए जीना,

फिर भी जी रही है स्त्रियाँ, 

खुशियाँ तलाश करती दूसरों में! 


सच में महान होती हैं ऐसी स्त्रियाँ!