सब आएँ,
चले गये,
मिले,
पर रुके नहीं,
बोले बहुत,
पर बातें नहीं की,
साथ चले,
साथ निभाया नहीं,
आसपास रहे ज़रूर,
पर बसे नहीं,
हाथ पकड़ा,
पर थामा नहीं,
चेहरा देखा,
पढ़ नहीं पाएँ,
हक़ जमाया,
पर दिया नहीं,
मोहब्बत हुई, मिली नहीं,
मिली तो, ढूँढना बंद कर दिया था,
क्या कुछ ढूँढ़ा जा सकता है,
कुछ भी तो नहीं ढूँढा जा सकता,
वे, मेरी आँखो की चमक देख आते थे,
और, आँखो में छिपे अंधेर को देख मुड जाते थे,
वे, मेरे सुख देखना चाहते थे,
मैं, उन्हे, अपनी दरारें दिखाना चाहती थी,
कहते थे, दिल दरिया हैं तुम्हारा,
और हम डूबना नहीं चाहते,
वे चाहते थे, मैं सूरज बनूँ,
पर, मैं रात थी, रात का रोशन दान थी,
वे कहते थे, तुम बहुत जज़्बाती हो,
हूँ मैं, तभी तो ज़िंदा हूँ,
मेरे पास चंद बातें, थोड़ी बहादुरी और ढेर सारे प्यार के अलावा कुछ नहीं था,
उनको और बहुत कुछ चाहिए था,
ख़ैर,
ज़िंदगी गुजरी,
हम गिरे,
फिर खड़े हुए,
ज़िंदगी चलती रही,
ऐसे ही होता है,
ऐसा ही होता रहेगा,
औरत, मोहब्बत में जब सब हार जाती है,
दुनिया की कोई शय, फिर उसे हरा नहीं सकती,
मोहब्बत में हारी हुई औरतें, मरीचिका हो जाती हैं,
लगता है, जैसे वो हैं, पर होती नहीं,
कहीं खो जाती हैं, और फिर एक दिन मिल जाती हैं,
किसी फ़ुल के खिलने पर,
किसी चिड़िया के चहकने पर,
कहीं बादल के बरसने पर,
मोहब्बत में वाबस्ता किसी औरत की आँखो के चमकने पर,
वे फिर मिल जाती हैं…!!!
