नर्मदे हर, नर्मदे हर। श्रद्धालु नर्मदा नदी के एक छोर से दूसरी छोर जाते हुए बोल रहे थे। पर्वतराज मैखल की पुत्री नर्मदा को रेवा भी कहते हैं। भारत में नर्मदा को सामवेद का रूपक माना गया है। माघ शुक्ल सप्तमी का दिन था, श्रद्धालु नर्मदा जयंती के लिए कबीरवट की एक किनारे से नावों में बैठ दूसरी तरफ़ जा रहे थे। उन्हीं में, एक परिवार था, जो काफ़ी दूर से रेवा के दर्शन को आया था। दो प्यारे बच्चे और उनके माँ-बाप, पिता का नाम आशीष और माँ का नाम अश्विनी। दूसरे छोर पहोचने पर बड़ी आस्था से उन्होंने रेवा के दर्शन किए। दोनों बच्चे जिनमें एक बड़ी बहन जो की आठ साल की रही होगी और छोटा भाई क़रीब पाँच साल का था। दोनों रेवा की गोद में आनंदित हो रहे थे। तारा, रुक जाओ, मैं तुम्हें पकड़ लूँगा, मोक्ष बोल रहा था। उसके नन्हें पाओं से कैसे पकड़ता हवा सी भागती तारा को। मोक्ष की छोटी आँखो में सारे संसार की निर्दोषता भरी हुई थी।
तारा भागते हुए अपनी माँ के पास नदी के अंदर पहुँच गई। अश्विनी के लिए रेवा, आस्था का विषय थी, और तारा के लिए, अश्विनी आस्था का विषय थी। तारा, अपनी माँ के साथ पानी में थी तभी, अश्विनी और आशीष ने देखा की अचानक पानी का बहाव काफ़ी तेज हो गया था और ज्वारों की गति भी तेज हो रही थी। आशीष, थोड़े चिंतित हुए तो उन्होंने तारा और अश्विनी को बाहर आने को कहाँ। बाहर आते समय अश्विनी का पैर पानी के प्रभाव से अस्थिर हो गया और वो पानी में गिर गई। जब अश्विनी खड़ी होकर फिर बाहर जा रही थी, तभी उन्होंने ने देखा की उनके कान की एक बाली पानी में गिर गई है। मध्यवर्गीय परिवार, पैसे जोड़ जोड़ के सोने का कुछ लेने की हिम्मत की और इस तरीक़े से अगर वो खो जाएँ, हृदय कट जाने की बात है।
तारा ने देखा की माँ चिंता में आ गई, वो इधर उधर बाली ढूँढ रही है। कुछ हाथ नहीं आया। तारा के पिता ने भी बहुत कोशिश की। पर पानी का बहाव इतना तेज था की उसमे कुछ करने की संभावना नहीं थी। तारा का बालमन क्रोधित हो गया। माँ को दुखी कैसे देखती वो। पानी के प्रवाह को चीरती हुई वो खड़ी हुई और जहाँ जहाँ वो माँ के साथ गई थी वहाँ बाली को ढूँढने लगी। अश्विनी और आशीष ज़्यादा व्यथित हो गए। आठ साल की बच्ची ही तो थी। वो कहने लगे, बेटा जाने दो, चलो वापस चलते हैं। वो नहीं मानी। साहस और दृढ़ता से भरी वो बाली खोजती रही। और अंत में, जब कुछ नहीं मिला , तो निराश होकर उसने बड़ी ज़ोर से हाथ को पानी के अंदर मारा।
रेत से लिपटे हाथों को जब वो पानी के बाहर निकाल रही थी, उसे हाथ में कुछ चमकीला और सुनहरा दिखाई पड़ा। और वहीं थी, तारा के माँ की कान की बाली। तारा ने, बाली अश्विनी के हाथों में रखी। अश्विनी प्रचुर प्रेम से तारा की तरफ़ और अथाह आस्था से रेवा को निहारती रही। कहते हैं नर्मदा में नर्म का अर्थ है, सुख प्रदायिनी। सुख देने वाली अपने बच्चों को दुख कैसे दे सकती है। तारा की अपने माँ के प्रति आस्था और प्रेम को स्वयं नर्मदा भी अनदेखा नहीं कर पाई। आख़िर वो भी तो माँ ही है। पश्चिम में बहनेवाली भारत की सबसे लंबी नदी, जो न जाने कितने लोगों की जीवनदायिनी है। पूरे विश्व के लिए जीवनदायिनी रेवा, उस दिन, तारा के लिए स्नेही हो गई, साथी हो गई और श्रद्धा का प्रतीक हो गई।
