पुरुषों के युद्धों में,
एक पक्ष हारता है,
एक पक्ष जीतता है,
एक पक्ष को यश मिलता है,
दूसरे पक्ष को विध्वंस मिलता है,
एक पक्ष धनी हो जाता है,
और दूसरा हर तरीक़े से दरिद्र,
पर, ऐसा क्यों है,
की पुरुषों के युद्ध में, जीते कोई भी,
स्त्रियों को हारना ही पड़ता है,
स्त्रियाँ हारती हैं,
अपना सुहाग, अपनी गरिमा,
अपना आत्मसानमान, अपना सौभाग्य,
अपनी मर्यादा, अपनी अस्मिता,
स्त्रियों को शरीर पर जब तक पुरुषों के अन्याय और निर्दयता की निशानियाँ दिखे ना,
जैसे कोई युद्ध समाप्त ही नहीं होता,
जैसे अनिवार्य हैं, स्त्रियों का नोचा जाना,
जैसे उनके माँस का तमाशा बनाये बिना,
विजय अधूरी है उनकी,
कैसे अपनी चेतनाओं को मारकर,
वे, क्योंकि वो, किसी और की बहन, माँ या पत्नी है,
उसकी अस्मिता को तार तार कर देना ही,
पौरुष दिखाने का एक मात्र रास्ता बच जाता है,
कैसे किसी भी स्त्री की योनि को आहत करते वक़्त,
पुरुषों को याद नहीं आता की,
ये पाप, संसार के सारे पापों से बड़ा है,
और ईश्वर के घर में,
इस पाप को तौलने का कोई काँटा नहीं है,
क्योंकि ये पाप, नर्क की सारी यातनाएँ झेलने की बाद भी,
बकाया या चुकाया नहीं जा सकता,
ये पाप, ईश्वर ने, कभी पापों की सूची में आएगा भी, कल्पित ही नहीं किया था,
और जो युद्ध इतना बहरा हो,
जो किसी निर्दोष की चीख़ों को सुन नहीं पाता,
वो एक दिन अंधा भी हो जाता है,
विनाश की कोख में, अंधकार और अज्ञानता की चादर ओढ़े,
वो फिर इतनी गहरी नींद सो जाता है,
फिर कभी वो उठ नहीं पाता.!!!
-हिना अग्रवाल
