पाने को जाने कितने पहाड़ बाक़ी है,
जाने कितने दरिया की गहराई को अभी नापा नहीं मैंने,
कितने किल्लों की फ़तह अब भी बाक़ी है,
कितनी जंगो को अभी जीता नहीं मैंने,
कितने आसमानों पर अपना नाम नहीं लिखा मैंने ,
कितनी बुलंदीयो पर अभी पहुँचा ही नहीं मैं,
कितने रास्ते मैंने कभी लिए ही नहीं,
कितनो को मैंने अकेले चलने दिया,
कितने रिश्तों को मैंने विदा किया,
कितनी को मेरी विदा से फ़र्क़ नहीं पड़ा,
कितने लोगों का मैं दोस्त नहीं हुआ,
कितनो की दुश्मनी मैंने कभी पूरी निभाईं नहीं,
कितनी बार जाने प्यार में रुसवा हुआ,
और किसी ने तो रुसवाई भी हिस्से में नहीं आने दी,
कितने सवाल थे जिनके मैं जवाब नही चाहता था,
कितने जवाब है की वो बस जवाब बन कर रह गये,
कितने सपने हैं जो अब आते नहीं,
कितने अपने हैं जो अब भाते नहीं,
कितना कुछ हो सकता था,
कितना कुछ बन सकता था,
कितना कुछ बच सकता था,
पर, अब कुछ पाने को मन नहीं करता
जीत जाने को मन नहीं करता,
हार कर उठ जाने को मन नहीं करता,
क़िस्मत से भीड़ जाने को मन नहीं करता,
कहीं पहुँचने को मन नहीं करता,
शोहरत के छलावे में आने का मन नहीं करता,
नाम कमाने को मन नहीं करता,
मेरा मन, दूर कहीं, दरारों को सीने में लगा है,
वो दरारें, जिनमे, मेरे प्रेम की, मेरी हार की, मेरी हिम्मत की कहानी है,
अब दरारें जब भर जाएगी, तब देखेंगे,
कुछ जीतेंगे, कुछ हारेंगे, कुछ बनेंगे, कुछ बनाएँगे,
जब दरारें भर जाएँगी,
तब देखेंगे …!!
