अगर किसी दिन कविताएँ मुझसे मुँह फेर ले, कहानियों को मैं अप्रिय लगने लगु, मेरे शब्द मुझको देखकर भाग जाए, लिखना मानो छाती में चुभता कोई नासूर बन जाये, सारे अलंकार और छंद मेरी कलम को अपने लायक न समझे, अक्षर और संज्ञाए मेरी दुश्मन हो जाए, मेरा लिखा मिट जाए, मेरा कहा मिट जाए, जिंदगी मेरे सारे हुनर छीन ले, मैं जो थी वो न रहूँ, कोई न रहूँ, कुछ न रहूँ, कही की न रहूँ, तब भी, एक चीज़ बची रहेगी, एक चीज़ मुझे बचाये रखेगी, इस भीषण असुरक्षा, असमंजस, अस्वीकार और आत्ममंथन के बीच। एक चीज़ मेरे बचने और न बचने के बीच में दीवार बनकर खड़ी हो जाएगी। वो चीज़ मुझे ढह जाने से और मिट्टी हो जाने से बचाएगी। वो मेरे नाम को और मेरी पहचान को लुप्त होने से बचाएगी। और जब मैं अंत और अनंत के बीच के किसी टूटे पुल पर खड़ी होंगी, डरी हुई, सहमी हुई, अपने आप को खोजती हुई, वो मेरे अन्तःकरण की परतों को चीरकर, मेरे अस्तित्व के टुकड़ों को एक साथ जोड़े रखेगी। मुझे ज़िंदा रखेगी वो। ईश्वर के पहले आँसू और पहले हास्य को मिलाकर जिसकी रचना हुई। जिसने ईश्वर को अनश्वर और आराध्य बना दिया। जगत उसे भले प्रेम कहे, मेरे लिए वो उसके सिवा बहोत कुछ है। हिम्मत है, साहस है, शौर्य है, सिद्धि है, बलिदान है, सत्य है, सनातन है, मुक्ति है। तो जब जब लगे कि तुम किसी के नहीं, कुछ नहीं, कही के नहीं, तब समझना की तुम प्रेम के हो, प्रेम से हो, और प्रेम में हो, और प्रेम ही तुम्हें अपने खोये शब्दों की शाख़ तक पहोचएगा ।
