जबसे मुझे याद है, हर दिवाली के दिन मेरे परिवार का एक जैसा ही कार्यक्रम रहता। सुबह उठो, नहाकर रंगोली बनाओ। आती हो की ना आती हो। माँ फिर आसोपलव के तोरण दरवाज़ों पर लगातीं, और सुख और समृद्धि की प्रार्थना करती। फिर रात के बचे कूचे फटाके फोड़कर, हम सब नये कपड़ों में तैयार हो जाते। फिर नाना के घर जाते, नाना शगुन में पैसे देते और नानी ढेर सारी मिठाइयाँ। फिर बड़े पापा के घर सारे मिलते और वहाँ भी यही कार्यक्रम चलता। मुझे हमेशा लगता था की ये प्रथा कभी ख़त्म नहीं होगी। हम हर साल ऐसे ही मिलेंगे और दिवाली मनाएँगे।

२०२० में नानाजी का निधन हो गया। और अब हम सारे भाई बहन दुनिया के अलग अलग कोनों में रहतें हैं। महीनों या सालों में एक बार मिलते हैं। माँ-पापा अब दिवाली में अकेले हैं, और मैं उन्हें याद करने के सिवा और कुछ नहीं कर सकती।

हमको हमेशा लगता है कि बहुत वक़्त है, लोग यही तो हैं, रहेंगे। सब एसा ही रहेगा।

पर कुछ एक जैसा नहीं रहता। समयचक्र की खूँटी में सब पिसते हैं। आज जो है कल नहीं होगा। इसीलिए आज जो है आज जी लो। आज सारे फटाके फोड़ो। आज सारी मिठाई खाओ। आज रंगोली के सारे रंग लूटा दो। आज प्यार का एक हाथ थाम लो। आज, सब आज ही कर लो।

क्योंकि कल शायद ऐसा ना हो जैसा आज है। कल शायद आपके अपने साथ ना हो। ये जीवन नश्वर है। जीवन के सारे उत्सव और सुख भी नश्वर है। जो शाश्वत है, वो मात्र हमारी स्मृतियाँ हैं, जो हमने, हमारे, अपनों के साथ बनाई हैं। इसीलिए, शाश्वत चुनो। अपनों को चुनो। प्रेम को चुनो।

-हिना अग्रवाल