ऐ लड़की

ओ लड़की

ये लड़की

वो लड़की

ऐसी लड़की

वैसी लड़की

गोरी लड़की

काली लड़की

इसकी लड़की

उसकी लड़की

पहचान बनी

बस उसकी देह

जब से जन्मी लड़की


कम बोल

धीरे हंस

ढंग से चल

ये कैसे वस्त्र

मुंह ढक

उड़ मत

पंख काट

यहां नहीं 

वहां क्यों

कैसी बराबरी

लड़की है

पीछे चल

कैसे अधिकार

दायरे में रह

मत लांघ तय रेखाएं

यूं हुआ परिभाषित 

उसका चाल चलन


मर्यादा में जी 

नीति नियम पाल

परिसीमन होगा तेरी सीमाओं का

ऐसा ही था

और आगे भी ऐसा ही होगा

ग्रंथों में लिखा है

तू समाज को बदलने की कोशिश मत कर

फिर घर परिवार समाज ने  

सामूहिक सहमति से पूरे विधि विधान से किया

उसका मर्यादीकरण संस्कार



फिर एक नयी भोर को

उसने सूरज से पहले

उषा को पहचाना

थोड़ा सा

स्वातंत्र चखा

आदि शक्ति की वंशजा हूं 

कह कर स्वयं को जाना

देह की सीमाएं त्याग

विदेही बन

ये लड़की

वो लड़की

इसकी लड़की

उसकी लड़की

ऐसी लड़की

वैसी लड़की

यहां से वहां पहुंच गई

जोर से बोली

ऐ अनुचित प्रतिबंध

ओ अनलिखे अनुबंध

ये कैसा बेढंग चलन 

फिर उसकी आवाज से

आरंभ हुआ परिशोधन


बहुत हुआ है

पर अब और नहीं

समाजिक मर्यादाओं का भी

अब होगा सीमांकन

लड़की जानी जाएगी 

अपने नाम से

उड़ान भरेगी

अपने पंखों से

प्रकृति है वो

स्वयं रचेगी अपना जीवन

नहीं डरेगी स्वयं करेगी 

अपने अधिकारों की रक्षा

बदलेगी वो

सामूहिक नियति को प्रतिदिन थोड़ा थोड़ा

घर परिवार समाज सब देख रहे हैं

एक युग परिवर्तन 

जब हंस कर बोली

हर लड़की

जननी है वो मानवता की

मानवीयकरण तो वो करके रहेगी

दुनिया को प्यार के रंग में रंग कर रहेगी


# Every day must be

# National Girl Day