तेरे आंगन की चिड़िया



भले मत देना 

कोई चल अचल सम्पत्ति

पर किताबें अपनी 

मेरे नाम कर देना


भले मत बनाना अपने

सुख का हिस्सेदार

पर अपने दुःख 

मेरे हिस्से कर देना


भले मत देना

ये ईंट मिट्टी का घर 

दिल का एक कोना

बचाए रखना 


भले मत बुलाना

हर बार त्यौहार 

पर हर हिचकी पर अपनी

मेरा नाम धर लेना


मुझे मत देना

खेत खलिहानों में बीघा

तुलसी का विरबा सा

आंगन में लगाए रखना


भले घुल जाऊं 

समंदर के पानी में

पर पर्वत से नदी का

रिश्ता बनाए रखना 


भले मत करना

कोई वसीयत मेरे नाम 

सपनों को मेरे उड़ान

का हौंसला देना



भले मत बनाना

अपनी वंशजा ओ मेरे पिता

पर अपने कुल का 

काला टीका बनाए रखना 


भले नाम मेरे मत लिखना

जमीं का हिस्सा

पर मुझे दे देना

आसमां का एक टुकड़ा