आंखों से होकर
मन के द्वारे
चढ़ते उतरते
कथा कहानी
कविता रचते हैं
संवादों के पुल
तेरी मेरी
कही अनकही
बातों से ही तो
बनते हैं
नर्म मुलायम
बातों की
चिकनी मिट्टी के
गाढ़े गारे से
सहज प्रेम की
बुनियादें भरते
नवनिर्मित
संवादों के पुल
कितने बुनियादी
होते हैं
भूली बिसरी
यादों की
पगडंडी पर
कभी वृक्षों से
लम्बे तनते
फिर अनायास ही
भीनी खुशबू से
पगे हुये
फूलों को चुनते
संवादों के पुल
सावन भादों से
बिन कहे ही
बरस बरस
पड़ते हैं
चांदनी में भीगी
मधुमालती के तले
पुराने प्रेम प्रसंगों से
निर्झर झरते
अहसासों के
स्पर्शों के
पावस पाश में
संदली वन में
चहल कदमी से
संवादों के पुल
स्मृतियों के
आंगन में खुलते
वातायन ही तो
होते हैं
सर्द ऋतु सी
निशब्द
जड़ नीरवता
में लिपटे
संबंधो में
सम्वेदनाओं के
पाल बांधते
मौन तोड़ते
संवादों के पुल
कितने आवश्यक
होते हैं
बचपन की
साथी टोली से
शरारतों भरी
आँख मिचौली में
कन्चे गिल्ली की
धमाचौकडी
कोलाहल
मस्ती भरते
संवादों के पुल
गुड़िया की
सगाई के
पकवानों से
मीठे और रसीले
होते हैं
रामायण के
आख्यानों
से लेकर
राजा रानी
परियों की
कथा कहानी तक
दादी नानी की
बातों से बनते
संवादों के पुल
कार्तिक माह के
पुण्य सलिला
गंगा में डूबे
अवगाहन से
होते हैं

