सलीब पर टंगी आत्मा
रोमिला को तो याद ही नहीं है कि वह पिछली बार अच्छे से कब तैयार हुई थी।महुआ के जन्म के बाद तो जैसे उसकी जिंदगी ही बदल गई और फिर सुबोध से उसके रिश्ते जिस मुकाम पर पहुंच गए थे उसके पास घर छोड़ना ही एकमात्र विकल्प था तो सजना संवरना किसके लिए और क्यूं कर होता?
विवाह के बाद बेटी के लिए अपना घर ही कितना पराया हो जाता है। जिस घर और गली में उसके जीवन का सबसे खुशहाल वक्त गुजरा हो वही जब असफल विवाह से निकलने पर उस ओर पलटती है तो उनकी
त्यौरियां चढ़ जाती हैं। अपने ही लोग कितने अजनबियों सा व्यवहार करने लगते हैं।भले यह उसका मायका है पर वह दया याचक बनकर नहीं जीना चाहती थी तो रिश्तों में खिंचाव आने से पहले ही उसने घर के पास में ही किराए पर रूम ले लिया था।
जितना जल्दी हो सके जॉब ढूंढना है। अपनी और महुआ की जिम्मेदारी खुद ही उठानी है। कई जगह अप्लाई किया लेकिन वर्किंग आवर और कंडीशन ऐसी नहीं थी कि वह ज्वाइन कर सके। लेकिन अब तो डू ऑर डाई की स्थिति बनती जा रही थी।
इतने दिनों के बाद वह आज फिर उसी कतार में थी। इंटरव्यू बोर्ड में औरों के साथ जोसेफ सर को बैठा देख उसे राहत और बेचैनी हो रही थी। उसने यह बताने की भरसक कोशिश की कि उसे इस जॉब की कितनी जरूरत है।
“जितने लोग बाहर बैठे हैं जरूरत तो सभी को है…”, जब सर ने तल्ख लहजे में कहा तो जॉब मिलने की सारी उम्मीद भी जाती रही।
बाहर आते ही घर का किराया, दूध,किराना ,महुआ की दवाइयां और थैरेपी…..कहां से और कैसे करेगी सोच कर उसका दिल बैठने लगा।
रात भर चिंताओं ने जगाए रखा। उनिंदी आंखों में बोझिल सपने लिए सुबह का इंतज़ार रात को कितना लंबा कर देता है। भविष्य को लेकर जो सपने देखे थे,उनकी मृत देह बेताल बन उसके कंधों पर लदी हुई है और कोई नहीं है जो उसे इस बोझ से निजात दिला सके।
अगले दिन महुआ को गोद में उठाए वह थैरेपी सेंटर से निकल रही थी कि तभी फोन की घंटी बजी दूसरी ओर सर थे।
“रोमी …तुम कल 11 बजे तक घर आ सकती हो….” फिर कुछ देर रुक कर बोले,
“दरअसल उस समय घर पर कोई नहीं होता आराम से बैठकर बातें करेंगे।”
“यस सर श्योर विल रीच देयर टाइमली,” अपनी हकलाहट छुपाते हुए कहा
सर ने फोन रखते हुए कहा,” मैं लोकेशन शेयर कर रहा हूं…. सी यू देन …”
सर ने अकेले में क्यों बुलाया और वह मान
कैसे गई… कहने को तो कह दिया पर अब जाए या ना जाए की उधेड़बुन में घर पहुंच निम्मी को फोन किया
यार सर का इस तरह बुलाना ठीक नहीं लग रहा है। तू बता क्या करूं?”
“देख तुझे इस जॉब की कितनी जरूरत है एक बार मौका हाथ से गया तो….मेरे हिसाब से तो तुझे जाना चाहिए और वो भी अच्छे से तैयार होकर…शायद बात बन जाए…उनकी कमजोरी तो पता ही है न तुझे ” जवाब में निम्मी कहा
रात कई प्रश्नचिन्हों के आवरण में लिपटी रही।
रात भर सुबोध और उसके परिवार वालों के ताने कानों में गूंजते रहे और वह अपने बिखरे आत्मविश्वास को समेटती रही।
“इस जिंदा लाश को कब तक ढोओगी…?”
बगल में सोई निर्दोष महुआ के हाथों को अपने हाथों में भरकर साहस बटोरती रही। खुद ही रोती और खुद ही अपने आंसुओं को पोंछती रही।
सुबह महुआ को तैयार किया, मम्मी के पास छोड़ सर की दी गई लोकेशन की ओर बढ़ चली। उसके दिमाग़ में कैसे कैसे विचार घूमने लगे।अपने बैग में पीपर स्प्रे और नाइफ को टटोलकर खुद को आश्वस्त किया। उसे याद आया कि वो तो ब्लैक बेल्ट है और एनसीसी कैडेट भी रही है।
बेल बजाने से पहले भी थोड़ा झिझकी और मिरर निकालकर टच अप किया। साड़ी को व्यवस्थित किया। घने घुंघराले काले बालों को उसने खुला ही रखा था।
“खुले बालों में तुम कहर ढाती हो… किसी को भी उलझा सकती हो तुम” कुटिलता से मुस्कराते हुए सुबोध कहता। उसकी तारीफ में भी तानों सी कड़वाहट उसकी आत्मा को छलनी कर जाती।
“अरे अंदर आओ रुक क्यों गई तुम?”
दरवाजा खोलते हुए सर की आवाज़ ने मानो उसे किसी दुस्वप्न से जागा दिया हो,
“आओ बैठो …”
“थैंक यू सर ”
“कैसी हो और क्या कर रही हो आजकल
घर में कौन कौन है?”
“जी मैं और मेरी बेटी…”
“पति…”
“पति का घर छोड़ दिया है..इसीलिए तो ये जॉब….” एक लंबी चुप्पी पसर गई
“ओह… आई एम सो सॉरी,” “ नहीं सर कोई बात नहीं बस ये जॉब मिल जाए…तो… वो मेरी बेटी…उसके शब्द अटक भटक रहे थे… मैं कुछ भी करने को तैयार हूं…प्लीज़ सर आई नीड थिस जॉब एट एनी कॉस्ट…
“डोंट वरी आई विल टेक केयर ऑफ योर नीड इफ यू….” उन्होंने उसके निकट बैठते हुए कहा
यकायक उनकी निगाह उसके फोन के वॉल पेपर पर ठहर गई। फिर बिना कुछ कहे अंदर चले गए।
उसकी धड़कन तमाम वजहों से ऊपर नीचे हो रहीं थीं।अनिश्चितिंता से घिरे मन में न जाने कैसे-कैसे विचार आ रहे थे।सोचा भाग जाए लेकिन जिम्मेदारियों का अहसास बैठे रहने पर बाध्य करता रहा।
उसे ग्लानि महसूस होने लगी कि वह ऐसे कैसे बोल सकती है…? ऐसा बोलने के कारण खुद पर शर्मिंदगी हो रही थी। वो तो कभी ऐसी थी ही नहीं, उसके रिपोर्ट कार्ड में तो हमेशा टैलेंटेड,रिस्पॉन्सिबल,कॉन्फिडेंट,हार्डवर्किंग,
ऑनेस्ट जैसे कितने ही अच्छे रिमार्क लिखे होते थे। पढ़ाई में अव्वल और हर काम में होशियार होते हुए भी कहां से कहां आ पहुंची है वो …. गलत शादी ने उससे उसका सब कुछ लील लिया।
उसकी तेज चलती सांसे अनियंत्रित होने लगी थी। उसे लगा जैसे उसकी लाचार आत्मा सलीब पर टंगी है। कसमसाहट जब असहनीय हो चली तो वह दरवाज़ा खोल बाहर पोर्च में निकल आई।
सर ने पोर्च में ही रुकने का इशारा करते हुए पूछा, “कब से ज्वॉइन कर सकती हो रोमिला?
“सर….आज से ही…आई मीन…”
“अरे नहीं… अच्छे से प्लान कर लो…अपनी बेटी के टाइम टेबल के हिसाब से…वैसे तुम्हारे लिए सूटेबल वर्किंग आवर क्या रहेंगे?
थोड़े संयत होते हुए कहा, “नो नीड टू बी सो पथेटिक रोमिला …..अपनी बेटी से ज्यादा लाचार तो तुम लग रही हो…और हां अपनी काबिलियत पर कभी शक मत करना और न ही आत्मसम्मान से कभी कोई समझौता…
शॉर्ट कट्स कांट टेक यू टू लॉन्ग…कीप थिस इन योर माइंड…अपनी बेटी में यही साहस और सम्मान तो भरना है तुन्हें …और हां ये जॉब तुम्हें तुम्हारी योग्यता के कारण ही मिल रहा है…” फिर गहरी सांस लेते हुए बोले, “हम सब की अपनी अपनी कमजोरी हो सकती है लेकिन हमें उसे लाचारी नहीं बनने देना चाहिए। ”उन्होंने लिफाफा उसकी ओर बढ़ाते हुए कहा, “विशिंग यू ऑल द बेस्ट…”
उसके दिल ने आंखों का शॉर्ट कट अपनाते हुए बहते आंसुओं और रूंधे गले से कहा, “थैंक यू सर …”
सांसों की आती जाती नियमित गति गवाही दे रही थी कि उसकी सलीब पर टंगी अंतरात्मा लाचार नहीं मुक्त है।कांपते हाथों से अपना अपॉनिटमेंट लेटर लिया और सधे कदमों से अपनी मंजिल की ओर बढ़ चली।

