नेह का पुल
चलिए
हम सब अपने हिस्से की जिम्मेदारी
उठाते हैं
काले बादलों को हटाकर इंद्र धनुष बनाते हैं
किसी की बैसाखी थाम लेते हैं
किसी को अपना हाथ थमाते हैं
किसी के मौन का अनुवाद करते हैं
तो किसी के कानों में खुशी गुनगुनाते हैं
धूसर सी जिंदगी में शोखी के रंग छिड़कते हैं
तो कभी किसी से आंखों आंखों में बतियाते हैं
किसी टूटे मन से सपनों की किर्चियां उठाते हैं
तो कहीं अवसादी कूप में पहचान की सीढ़ी लगाते हैं
बंद पड़े एकाकी मन के जाले हटाते हैं
सूने उदास आंगन में थोड़ी सी रोशनी छिटकाते हैं
बूढ़ी उम्मीदों के द्वार हौले से थपथपाते हैं
तो किसी सूनी देहरी पर एक दीप जलाते हैं
रिश्ते सिर्फ रक्त संबंधों से ही नहीं बनते
एक नेह का पुल बनाते हैं
मानवता जिंदा है और जिंदा रहेगी
चलो ये विश्वास जागते हैं ….
#दिव्यांगता विमर्श

