ये मजमा सा क्यूं है मेरे आस पास

एक दिव्यांग की मनोव्यथा


मेहरबान कदरदान

आओ आओ जल्दी जल्दी आओ

बाबू दीदी सर और मैडम जी आओ

नया खेल देखिए 

आप सभी आइए मेहरबान


जमुरे बोल जादू दिखलायेगा

विकलांग कौन है

सबको बतलाएगा

अरे चुप क्यों है बता बता 

अपनी अक्ल लगा

अरे साहिब

चलो आज में मिलकर

ये अभ्यास कर लें

विकलांग कौन है 

आज भीड़ में ये तय कर लें 


वो किसी कमी का सामना कर रहा है

या वो हर किसी में कमियां निकाल रहा है

वो जो दृष्टि बाधित है 

या जिनकी दृष्टि ही बाधित है

वो जो बोल नहीं पाते

या वो जो बोलना ही नहीं चाहते 

वो जो सुन नहीं पाते

या वो जो सुनना ही नहीं चाहते

वो जो चल नहीं पाते 

या जो कदम ही नहीं ही बढ़ाते

वो जो कुछ समझ नहीं पाते

या वो जो समझना ही नहीं चाहते

वो जो कमियों में भी खुश हैं

या वो जो हर खुशी में भी कमी ढूंढ लें


बोलिए मेहरबान 

पढ़े लिखे आप साहब या मेमसहब 

आप ही बताइए ना

इतनी चुप्पी क्यों है 

क्या तय करना कठिन है

जो संचित निधि को भी बांट ले

या वो जो निधि संचय में जुटे हुए हैं

वो को भीख मांग कर जी रहें हैं

या वो जिनके कारण वो भीख मांग रहें हैं

वो जो थोड़े से प्यार चाहते हैं 

या वो जो सिर्फ घृणा बांट दे रहें हैं 

क्या आप नहीं

अपनी ही किसी कमी के शिकार?



मुझको कुछ बतलाओ तो 

ये कैसा है मति भ्रम जाल

कुछ तय हुआ 

कौन है अपंग यहां

तो सुनिए मेहरबान

व्यक्ति कहां कोई विकलांग है 

लोक व्यवहार बनाता हैं विकलांग

विकलांग उसी जगह मिलते हैं

जहां समाज की सोच होती है विकलांग

व्यक्ति का दृष्टिकोण जहां अपंग 

और सम्मान अपाहिज 

हर समर्थ हर शासन के

संवेदनहीन रवैया में

प्रतिधवनित होता है

विकलांग शब्द जैसा क्रूर मजाक



किसी को लूला लंगड़ा

किसी को मूक बधिर

किसी को अंधा 

तो किसी को बुद्धि मन्द

का संबोधन

अपंग अपाहिज विकलांग

दिव्यांग विशेष योग्य लाचार

क्यों देते हो इतने विशेषण

क्या उसे सिर्फ सामान्य नहीं 

कहा जा सकता है

मेरे और आपके समान

देना ही तो देना सिर्फ और सिर्फ

प्यार और सम्मान


मजमा मत लगाइए मेहरबान

क्या सभ्य समाज को शोभा देता हैं

मै तो हूं हैरान परेशान

हूं उदास और निराश

प्रश्न बहुत हैं

उत्तर सिर्फ आपका स्नेह पूर्ण व्यवहार

सिर्फ नजरिया बदलिए हुजूर

उनकी तरफ देखने का

ना कोई अपाहिज ना कोई अपंग

ये तो विजयी साहसी पथिक हैं

जो हंस कर चलते अग्निपथ पर

हां नहीं मिली हैं इनको सुगम राह

ऊंचे नीचे पथ पर शूल बिछे है

किंचित बाधाओं को पार कर लें

प्यार से थाम हम गर उनके थाम लें हाथ

कुछ दूर कभी यूं ही चलें उनके साथ

साथ हैं आप ये विश्वास तो दें एक बार


आंखे पर बंधी पट्टी हटाएं हुजूर

हम सब परम तत्व के ही है अंश

एक ही ईश्वर की संतान

एक बाग के कुछ खिले

कुछ अधखिले फूल

थोड़ी संवेदना के साथ

देखिए यहां वहां भी

क्या नजर आया कोई आपको

अपने से भिन्न

अपंग अपाहिज विकलांग



# Treat All with love and respect