मैं चांद पर टहलती हूं



अल सुबह 

तारों को बुहार 

टोकरी मे धूप भर

स्वर्ण नदी मे उतरती हूं

फूलों के बाजूबंद बांध

पानी की पायल पहनकर

तितली चिड़ियों संग डोलती हूं

लोकगीत की थाप पर 

खुशियां रोपती हूं

बादलो की रूई धुन

बूढ़ी काकी की चादर बुनती हूं

इंद्र धनुष की सिलाइयां लेकर

चांद का झंगोला बुनती हूं

आसमानी कमीज पर

सितारों के बटन टांकती हूं

दुखो के मनके पिरो

प्रार्थना की माला जपती हूं 

बिन महुआ पिए

प्रेमियो संग बहकती हूं

मैं कविता हूं

मैं चांद पर टहलती हूं.....