लौट आना चाहती हूं मैं भी
सुनो कवियत्री सुनो
मैं प्रेम में छली गई लड़की की
टुकड़ों टुकड़ों में बिखरी देह बोल रही हूं
काश !तुम्हारी यह कविता मुझ तक पहले पहुंची होती
अब सिर्फ काश ही तो बचा है मेरे पास
काश! काश! काश!
काश! मैंने पाई होती नीरक्षीर विवेक दृष्टि
काश! मैंने प्रेम के अंकुर को उखाड़ दिया होता
जो विष बेल लिपट गया था मुझसे बढ़ते बढ़ते
तुमने कहा लौट आना
लौटना इतना मुश्किल भी नहीं है
पर लौटना इतना आसान भी नहीं होता
पर्वत से निकली नदी सी कहां लौटती
कहां संभव है
आंखों के अंजन का अपनी डिबिया में लौट आना
डाली से बिछड़े फूल का डाली पर फिर से खिलना
माता सती भी लौटी ही तो थी
उन्होंने तो चिर तपस्या के बाद प्रेमी ही चुना था
सुनो ....
मैं लौटी थी उस देहरी पर
जिसे लांघ निकल आई थी
लहूलुहान हो गई थी मेरी उंगलियां
दरवाजा पीटते पीटते
लौटी थी मैं
पिता दक्ष की परंपरा के अनुग्राही
द्वार और हृदय में जड़ लिए थे पत्थर
मेरा एक चयन से लगा पूर्ण विराम सारे विकल्पों
कहां लौटती ?
उस समाज में जहां प्रेम की नहीं
घृणा करने की छूट हो
या उस देशज संस्कृति की गोद ढूंढती
जहां सदियों से स्त्री को प्रतिबंधित है
निर्णय स्वातन्त्र
मैं लौटना चाहती थी
पर कहां लौटती ?
हर कहीं तैर रहे थे
मेरे चरित्र को तार तार कर देने वाले प्रश्नचिह्न
अब हर ओर सहानुभूति सैलाब
जानती हूं यह शमशान वैराग्य से अधिक कुछ और नहीं है
भुला दी जाऊंगी
उन अनगिनत लड़कियों की तरह
जिन्हें अपने एक गलत निर्णय पर
पछतावा करने का विकल्प तक नहीं मिलता
लड़कियां मारी जा रही हैं और लड़कियां मारी जाती रहेंगी
जब तक जहां शिकारी को नहीं
शिकार को ही दोषी ठहराया जाता रहेगा
किसी ने राजनीति ढूंढ ली किसी ने धर्म
किसी ने बेहयाई दिखी तो किसी ने कर्मों की सजा
किसी ने मेरी आधुनिकता को कोसा किसी ने मेरे रिश्ते को
पर जब मैं पछता रही थी अपने चयन के लिए
किसी ने मेरा साहस नहीं बढ़ाया
किसी ने नहीं कहा बीती ताहि बिसार दे
कि कोई बात नहीं आगे बढ़ो
और मैं
पर किसी ने नहीं देखी मेरी लौट आने की तड़फ
क्या तुम इतना कर सकती हो
मेरे लिए
जहां जहां भी मिलें मेरी देह के विदीर्ण टुकड़े
वहां वहां गाड़ देना एक मील का पत्थर
प्रेम में छली गई
घर लौटती हर एक लड़की के लिए
ताकि उसकी राह आसान हो सके…
#लौट आना तुम

