क्षितिज के पार


ज्ञात सीमाओं और परिधियों के पार

कई शर्तों और परतों की चादर ओढ़े

सीमाओं के बेमानी हो जाने का परिदृश्य

होता है क्षितिज


भय भेद और भ्रम की भित्ति लाँघ

आशंकाओं के परे की सम्भावना का दृश्य

होता है क्षितिज


श्रेष्ठता जयेष्ठता के संकुचन से परे

अहम वहम की जकड़न से मुक्त बोध

होता है क्षितिज


स्वयं की ऊँचाई भूल जमीं पे उतर आना

प्रेम में आकाश का जमीं हो जाना ही

होता है क्षितिज


प्रेम के लिए बंधनो को तोड़ नेहपाश में बंध जाना

कृष्ण का राधा और राधा का कृष्ण हो जाना

होता है क्षितिज


देह का विदेह होना और विदेह का देह में समा जाना

निराकार ब्रह्म का आकार हो जाना

होता है क्षितिज


निर्गुणी की सगुण रूप में प्रतिबिम्बित हो जाना

भगवान का भक्त सा हो जाना

होता है क्षितिज


हर क्षितिज के पार भी होता है एक और क्षितिज

राधा के क्षितिज के पार मीरा के प्रेम के लिये भी होता है क्षितिज



क्षितिज को पाना नहीं सिर्फ गढ़ना होता है

स्वयं का अहम ब्रह्मअस्मि हो जाना

होता है क्षितिज