खेतिहर मजदूर की बेटी को
थाली में खाना देकर पूछा
"कभी खाया है ऐसा खाना"
"नहीं मालकिन"
वो झिझकी और धीरे से बोली
"हमनें तो बस उगाया है।"
सुनकर मेरा अहंकार थोड़ा और
पोषित हुआ
तभी वो बोली
"हमने उगाया है तभी तो
आपने खाया है "
मेरा अहंकारी भाव तिरोहित होकर
उसके चेहरे पर चिपक गया
मेरी प्रशंसा की भूखी दानशीलता
बगल खड़ी लजा रही थी
और अब वो लड़की
स्वअर्जित गर्व से मुस्करा रही थी

