कविता

इतनी सहज हो

यूं जैसे अलसायी भोर में

उगते सूरज के संग

राग भैरवी गाते विहग वृंद

सोती कलियों को

जगाते भ्रमरों का गुंजन

झरती शीतल चांदनी में

टपकता मादक महुआ

मुंह में धीरे धीरे घुलता

मीठा महकता किमाम

श्यामल मेघ की आहट पर

नाचता विभोर मन मयूर

सूरज की अगवानी में

झील में खिलता कमल

झर झर झरता पारिजात

मलय में सुरभि घोलता

बूंदों के रिमझिम चरखे पर

इंद्र धनुष बुनता सावन


इतना सुंदर

जितना होता है

निशब्द प्रेम



#Worldpoetryday