प्रेम प्रीत

इतनी सहज

होनी चाहिए

जितना

उगता सूरज

फूटती कोंपल

सोती कलियों को

जगाता भ्रमर गीत

गाते विहग

झरती चांदनी

टपकता महुआ

मुंह में धीरे धीरे

घुलता मीठा

महकता किमाम

मेघ देख विभोर मोर

यूं जैसे

अलसायी भोर में

झरता है पारिजात

मलय में घुलती सुरभि

और इतना जरूरी

जैसे धूप पानी और हवा

इतना अभिनव और नूतन

जितना सूर्य के इर्द गिर्द

घूमती धरती

और धरती की गोद में

ऋतुएं भेजता सूर्य

इतना स्थाई आकर्षण

जितना नभ में खिलता चांद

और मिलन की आस लगाए बैठे

चकोर वृंद