गूंगी शकुंतला
विद्यालय के
वार्षिकोत्सव समारोह में
खेला जाना है
एक नाटक
"अभिज्ञान शाकुंतलम"
पात्रों का चयन किया जा रहा है
सभागार में बैठे हैं
सभी पात्रों के संभावित उम्मीदवार
नायक नायिका को
खोजते हुए
निर्देशक की घूम रही दृष्टि
अनायास ठहर जाती है
एक मुख पर
जिसके नयनों में
मिल जाती है उसे
अनघ सौंदर्य के साथ
शकुंतला सी निरापद निश्छलता
कुछ और दृष्टि घुमाते ही
दिख जाता है
एक लड़के में दुष्यंत का सा दंभ
चयनित पात्रों के नामों की घोषणा
के साथ ही
मच जाता है कोहराम
होने लगती है कानाफूसी
ये कैसे बन सकती है शकुंतला??
गूंगी शकुंतला!!!!
गूंगी शकुंतला!!!!
दुष्यंत बने पात्र ने भी
दर्शा दी अपनी असहमति
भले ही यह एक नाटक था
पर उसे स्वीकार नहीं थी
ये गूंगी शकुंतला
तिरस्कार से आहत हो
चयनित नायिका ने संकेत से मना किया
यह भूमिका निभाने से
रिहर्सल करवा रहे निर्देशक से
निर्देशक बना चुका थे अपना मन
उसकी आंखों के सम्मोहन में दिखी थी उन्हें
बिल्कुल कण्व ऋषि के आश्रम में
रहने वाली शकुंतला
उसकी पीठ पर हाथ फिराते हुए
पुनर्विचार करने के ठुकरा दिए
उन्होंने सारे प्रस्ताव
इस दिलासा के साथ कि
चुन ली गई है एक वाचाल लड़की
जो बोलेगी उसके हिस्से के सारे संवाद
निरस्त आपत्ति के साथ सशंकित है
गूंगी शकुंतला !!!
फिर खेला गया नाटक
तय तिथि और समय पर
बहुत देर तक गूंजती रही तालियां
उसकी आंखों के बोलते अभिनय के लिए
दर्शकों से भरे सभागार में
पर मंच के नीचे और पीछे
छोड़े जा रहे थे व्यंग्य बाण
उसे दी जा रही उपाधि के साथ
चिपका दिया गया एक नाम
गूंगी शकुंतला !!!
फिर नियति ने खेला
बिल्कुल वैसा ही एक प्रहसन
उसके जीवन में भी
आ गया एक दुष्यंत
जो उसे देखते ही हार बैठा अपना ह्रदय उसने भी स्वीकार कर लिया
उसका प्रणय प्रस्ताव
छद्म छल से अनभिज्ञ
समर्पित सहज भाव
अपने दुष्यंत के प्रेम में बनी रही वह
गूंगी शकुंतला !!!
लौट गया दुष्यंत
उसे अपनी वधु बनाने की प्रतीक्षा देकर
फिर जो होना था, वही हुआ
उसे ना आना था ना ही वह आया
भूल गया वह शकुंतला
और उससे किए प्रेम प्रसंग को
पर किसी ऋषि दुर्वासा का श्राप नहीं था उसकी इस विमुखता का कारण
दुर्वासा समाज दे रहा था आदेश
सदियों का अहम दे रहा था
उसे और अपना किया भूल जाने के संदेश
वह स्वयं भी नहीं चाहता था
उसकी जीवन संगिनी बने
गूंगी शकुंतला !!!
निर्वासित कर दी गई वह
घर और समाज से
प्रेम में छली जाने के बाद
पर कोई अप्सरा नहीं उतरी स्वर्ग से
जो उसे ले जाती अपने साथ
प्रेम का प्रतिसाद मान
वह पालती रही भरत को
इस भ्रम के साथ कि
उसका भरत रहेगा सदैव उसके साथ
अपने पिता की प्रतिपूर्ति बनकर
अपने पिता के लौट आने तक
वह रमी रही नन्हें भरत के साथ
करती रही अनंत प्रतीक्षा
प्रेमीव्रता बन
गूंगी शकुंतला !!!
अपने चहुंओर नाचती मां में
भरत को भी दिखता था
सम्पूर्ण संसार
पर निर्देशक ने बदल दिये अनायास
उसके जीवन के कथानक और पात्र
इस कथानक के उपसंहार में
दुष्यंत का लौटना निषिद्ध था
और प्रस्तावित था भरत का निष्क्रमण भी
बिना किसी पूर्व सूचना के
जैसे झटककर अलग कर दी गई हो
वृक्ष से लिपटी वन लता
त्रासद है!!!
निर्विकल्प है !!!
गूंगी शकुंतला !!!
जान चुकी है
जीवन कालिदास कृत कोई
नाटक नहीं है
जहां श्राप मोचन की
आशा से संभव हो जाता है
पुनर्मिलन
जहां नायिका शकुंतला को
मिलता है न्याय और सम्मान
अपने प्रेम और विश्वास के लिए
कालिदास रचते हैं प्रेमिका के लिए
सुखमय कल्पनालोक
करते हैं मौन के अनुवाद
और मुखर हो उठती है
गूंगी शकुंतला !!!
आरोपों और प्रतिवादों की गठरी लिए
ना जाने कितनी शकुंतलाएं
रहती है इस युग में धरातल पर
एक जैसी नियति लिए
निर्वासन में स्वर्ग नहीं मिलता उन्हें
कभी भी
उनके लिए बोलने वाली आवाज भी
विलीन हो जाती है
आकाश के शून्य में कहीं
अपना वियोग साधे जीती हैं
नितांत एकाकी श्रापित सा जीवन
अपने निरापद प्रेम का प्रायश्चित करती
दुष्यंत और भरत के बनाए नरक में
गूंगे रहने का आजन्म दण्ड भोगती हैं
प्रेमीव्रता गूंगी शकुंतलाएँ !!!!
*************************
डॉ गीता शर्मा

