गर रंग न होते
न धरती हरी होती
न आसमां नीला होता
फिर कहां दूर क्षितिज कस्तूरी होता
न फूल होते
न चिड़ियां होती
फिर कहां रंग बिरंगी तितलियां होतीं
न धूप सुनहरी होती
न चांदनी रुपहली होती
फिर कहां चांद सितारों की रात से यारी होती
न कचनार खिलता न पलाश फूलता
न जूही महकती न गुलाब होता
तब कहां किसी का नाम गुलमोहर और अमलताश होता
न संदली वदन होता
न बौराया पीत बसंत होता
फिर कहां प्रेम में डूबा अतरंगी यौवन होता
न गालों पे गुलाबी भंवर होती
न अधरों पर सुर्ख शरारत होती
फिर कहां प्रीत की चंपई सगाई होती
न लरजता चेहरा लाल होता
न कजरारी आंखों में जादू उतरता
फिर कहां सुरमई मेहताब होता
न सुहानी भोर केसरिया होती
न सुरमई शाम सिंदूरी होती
फिर कहां कोई नदी तांबई होती
न रंगीनियां होती
न बिजलियां होती
फिर कहां मन में खुशफहमियां होती
न बादलों में इंद्रधनुष होता
न मौसम का मिजाज़ सतरंगी होता
फिर कहां झील में उतरता पीला चांद होता
न आसमानी समंदर होता
न सीप में सोया धवल मोती होता
फिर कहां मछलियों का रंगीन जहां होता
न हरे भरे जंगल होते
न खुशियां रोपते खेत होते
फिर कहां सोने से लदे खलिहान होते
न सफेद पगड़ी पहने पहाड़ होते
न पानी पे बजते सितार होते
फिर कहां घाटी में गूंजते झांझ मृदंग मंजीरे होते
न कोयल काली भीम पलाशी गाती
न मयूर के पंखों में नृत्य मचलता
फिर कहां तोते सुर्खाब कपोत और चकोर होते
न श्यामवर्ण के कृष्ण होते
न गौर वर्ण की राधा होती
फिर कहां मधुवन में महारास होता
न फाग में अबीर गुलाल होते
न सावन के गीत मल्हार होते
फिर कहां मधुमास में मनमीत होते
न कोई गुलनार होती
न कोई होली का रसिया होता
फिर कहां रंगों की बौछारें होती
न उम्मीदें हरी होती
गर रंग न होते आंखों में
सपने कितने बेरंग होते
न आशा की कोंपल फूटती
गर रंग न होते जीवन में
सोचो जीवन कितना बदरंग होता
धानी धरती अंबर नीला है
इनके बीच नीले पीले लाल गुलाबी
हरे बैंगनी संतरी रंगों का बसेरा है
सृष्टि रंगों का उत्सव है
रंगों से ही उत्सव पर्व है
रंग ही उत्सव उत्सव के ही रंग बिखरे हैं
सभी पाठकों को सपरिवार रंगों के उत्सव
होली की
रंग बिरंगी शुभकामनाएं
#HappyHoli
Holi Poetry contest

