चौखट पर दीप
एक दीप जला रखा है मैंने
तेरी चौखट पर अभी तक
उम्मीद है कि तुम लौटोगे जरूर
एक दिन यूँही अचानक
जब चाहतों का अथाह अनन्त विस्तार
दिशाहीन भटकाव तुम्हें छोड़ देगा
बीच मंझधार
व्यथित किंचित अचंभित पाओगे
अपनी इस यात्रा का निस्तार
दिशा खोजते देखोगे तुम
एकटक शून्य शांत गगन में
टिमटिमाते इसी दिए की रोशनी
राह दिखाती दिशा बताती
तुम्हें किनारे पे ले ही आएगी
लौट आना तुम बेझिझक
और बिना किसी पूर्व सूचना के
दिए में तेल रहने तक
अपनी हथेलियों की ओट कर
रोक लेना इसे बुझने से
सदा के लिये।

