दर्द को कहीं दूर
बहुत दूर छोड़ आये
गर साथ हो तुम्हारा
चांद पर चाय पी आये
मन बहुत उदास है
कई दिनों से बेवजह
चलो किसी काँधे पे
सिर रखकर रो लिया जाये
कोई मिलता नहीं
हमराह अब तो
ये सफर यूँ ही
पूरा किया जाये
जिस मोड़ पे
बिछडे थे हमतुम
चलो प्रेम के अवशेषों को
वहां से समेटा जाये
कब तक जियें
उसकी यादों के सहारे
चलो गंगा किनारे
तर्पण किया जाये
जब पता है तम्हें
मेरे दर्द का हर राज
फिर मेरे जख्म को
इस कदर तो
ना कुरेदा जाये
बहुत अन्धेरा है
उसके घर पे इन दिनों
चलो एक दिया
उसके द्वार पर
रख दिया जाये
रोक के रखें हैं
कई दिनों से आंसू
चलो आज बारिश में
डूब के नहाया जाये
छुपा के लिखें थे
जो जज्बात कभी
चलो छत पर हवा में
पतंग उडाया जाये
तुझसे मिलना तो
मुमकिन नहीं अब
चलो पुराना खत कोई
खोल के फिर से पढा जाये
मान ली है उसने
आखरी मुलाकत की बात
चलो अब उसकी पसंद का
इत्र लगाया जाए
तेरे आने के इन्तजार में
खुले रखें थे जो द्वार
चलो अब उन पर
ताला जड़ के
कहीं घूम आया जाये
मुद्दतों से देखा
नहीं है तम्हें
झील में आज की रात
चलो चांद उतारा जाये

