तुमने तो कहा था
तुम्हें हर बात याद है
फिर क्यों किताब में रखा
सूखा गुलाब भेजा है
तम्हें तो बहुत पसंद थी
मेरी मदभरी आंखे
फिर क्यों मद टपकाता
हुआ महुआ भेजा है
तम्हें मालूम तो है पीला रंग
मुझे उदास कर देता है
तो फिर क्यूं ये खिला हुआ
अमलताश भेजा है
तुमने तो कहा था
कि मिलने आओगे मुझसे
फिर क्यों गली में मेरी
अकेला चांद भेजा है
तुमने तो कहा था
पसंद है आजाद ख्यालात होना
फिर क्यों तुमने उड़ने को
थोड़ा सा ही आसमाँ भेजा है
तुमने तो कहा था
तुम्हें पसंद है मेरे सपने
फिर क्यों इंद्रधनुष यूं
कोहरे में लिपटा कर भेजा है
तुमने कहा था कि
एक नई दुनिया बसायेंगे
फिर क्यों बया का
टूटा हुआ नीड़ भेजा है
तुमने तो कहा था
की पसंद नहीं है मेरे आंसू
फिर क्यों बादलों में
भीगा हुआ रुमाल भेजा है
तुमने तो कहा था
बात करनी है मुझसे
फिर क्यों लिफाफे में बंद
अल्फाजों को भेजा है
तुम्हें पता है ना कि मुझे
शोख चटक रंग लुभाते हैं
फिर क्यों बदरंग
मुरझाया पलाश भेजा हे
तुमने तो कहा था
पसंद है तुम्हें मेरी शोखियां
फिर क्यों तारों बिना
सूना आसमान भेजा है
नहीं रही मोहब्बत
तो कह देते बिना झिझके
क्यूं अपना बदला हुआ
ये मिजाज भेजा है
अब तो भूल चुके हैं हम
वो सारी पुरानी बातें कब से
तो फिर क्यों सिसकियों में
लिपटा के हिचकियों को भेजा है
तुम जानते तो हो ना मुझे
बारिश में भीगना भाता है
तो फिर क्यों मेरे आंगन मे
रीता हुआ सावन भेजा है
जब कोई उम्मीद नहीं है
तुम्हारे लौट आने की
फिर क्यों तुमने मेरी मुंडेर पर
कूकता कागा भेजा है

