अश्रु मेघ
मां के यूं अचानक
बिना कुछ कहे
चले जाने के बाद
पिता ने लपेट ली सारी जिम्मेदारियां
ठीक वैसे ही
जैसे मां लपेटती थी
संदूक में तह करके रखी
अपनी साड़ियां
अब पिता
हंसते नहीं हैं बेलौस हो
शायद अपनी हंसी को
छुपाकर रख देते हैं
रसोई के डिब्बों में
जैसे मां रखती आई थी
थोड़े थोड़े से पैसों को आड़े वक्त के लिए
अब पिता
सोते नहीं हैं निश्चिंत होकर
दिन चढ़े तक
देर रात समेटते हैं
दिन भर की सारी जिम्मेदारियां
बिस्तर पर आकर
थकान को ओढ़ लेते हैं
अगले दिन का काम का तकिया लगाकर
मां को याद करते हुए
बच्चों के रोने पर
अक्सर बेबस नजर आते हैं
फिर सुनाते हैं एक परी की कथा
जो रहती है
आसमान के सबसे चमकीले तारे पर
उनकी गहरी काली उदास आंखों में
अनायास उभरने लगता है
मां का चेहरा
समय के साथ
अपनी खुरदुरी होती हथेलियों को
बच्चों के सिर पर रखते हैं
और भीग जाता है
उनका अधूरा बिखरा मन
बेतरतीब ढंग से
पहनी साड़ी को
तकरीबन सलीके से ओढ़ने लगते हैं पिता
राई नोन को मुट्ठी में भरकर
उतारते हैं नज़र
रीझते झीकते रीझते
अपने बच्चों की
गोद में सुलाते सुलाते
हौले से
मां बन जाते हैं पिता
उनकी आवाज में घुल जाती हैं लोरियां
जब भी
अपने दर्द और व्यथा को
अपनी हंसी में घोल मुस्कराते हुए
अचकचाती
टकरा जाती हैं उनकी निगाह
अक्सर
लगता है मुझे
जाते जाते भी
थोड़ी सी रह गई है मां
पिता की आंखों में
वर्षों बाद भी
अब भी पीते हैं वे
हर रोज चाय
मां के साथ
प्यालों से
उडती हुई भाप में
पिघल जाता है
उनका बेबस एकाकीपन
घुल मिल जाता है
मां की बिंदी का रंग
शामों की रंगत को सिंदूरी करता हुआ
कई बार अकेले में
मन ही मन कुछ बुदबुदाते हैं
जब भी खुद से बतियाते हैं
उतर आती है धूप
उदास क्यारियों में
यकायक महक उठता है मोंगरा
और गुनगुनाता है
टूटता हुआ मौन
मां के सानिध्य में
जानती है मां
उमड़ रही हैं उनकी आंखों में
उसकी छवि
स्मृतियां के फ्रेम में मढ़ी हुई
अश्रु मेघ के बरस जाने पर
आसमां के एक कोने में
खिल उठता है सतरंगा प्यार
धीरे धीरे से क्षितिज हो जाते हैं पिता

