चल देख तारे भी घनेरे डोलते हैं,
ये साख पर्वत सब तुझे ही तोलते हैं,
बस खोल आँखे देख कैसे झूलते हैं,
खींचो प्रत्यंचा और दिखाओ दीप्ति सर की,
सब फूल होंगे जो ह्रदय तक सूलते हैं,
यूँ भूल कर निर्मूल होकर हार मत,
उठ चल धनुर्धर हार मत!
भय की तभी ही जय हुयी है जब भी तूने,
इस ढाल से छाती बचाने को चला है,
जब जब भी बाहें खोल कर आँखे मिलायी,
भय भाग कर दुश्मन के खेमे को चला है,
जय का वरण कर ये सिपाही वार कर,
यूँ भूल कर निर्मूल होकर हार मत,
उठ चल धनुर्धर हार मत!
ये जो धरा है सब पे है अधिकार तेरा,
संसार सारा है सदा परिवार तेरा,
ये पेड़-पौधे,आग, पानी, और हवा सब,
सब पर रहा है और रहेगा प्यार तेरा,
ये सब प्रकृति है इसे स्वविकार कर,
यूँ भूल कर निर्मूल होकर हार मत,
उठ चल धनुर्धर हार मत!
क्या? है सच कि तू अब प्रेम में खोया हुआ है?
बीती हुयी रातों में तू रोया हुआ है?
एक प्रेयशी से दूर होकर प्रेम में तू,
अपने स्वयं के भान से खोया हुआ है?
संधान तेरे हो रहे हैं दूर तुझसे,
अपनी दसा में रुग्ण सा सोया हुआ है,
उठ जाग सारे तीर तेरे बोलते है,
तेरी विजय के द्वार सारे खोलते हैं,
तू भूल कवियों को कि जिसने प्रेम लिख कर,
तुझको बनाते कुंद तुझ पर धूल लिख कर,
चल जाग तू इस हार को स्वविकार मत,
यूँ भूल कर निर्मूल होकर हार मत,
उठ चल धनुर्धर हार मत!
तुम बनो गांडीव और तुम ही हो अर्जुन,
तुम कर्ण हो और कृष्ण भी हाँ राम तुम हो,
तुमने धरा से नाश कर डाला अहं का,
परुषोत्तमो के लिए अब परशुराम तुम हो,
हाँ! चीर कर सीना दिखा दो तुम अमर हो,
देवालयों को छोड़ दो हनुमान तुम हो,
हाय! क्या हार जायेगी तुम्हे यूँ मुँह दिखाकर,
या, हार आएगा गले में विजय पाकर?
यूँ भूल कर निर्मूल होकर हार मत
उठ चल धनुर्धर हार मत!
