जीवन भावनाओं से जन्में श्रंगार और यथार्थ से जूझते संघर्ष के दो किनारों के बंधन में, निरंतर बहती जीवंत धारा ही तो है और इसी स्थाई गतिमय स्थिति का सहज संप्रेषण कला-वृक्ष की विभिन्न शाखाओं की सजीव उत्पत्ति है। तय है कि काव्य-श्रंगार वियोग का हो या संयोग का, विचार के पंखों पर और चिंतन की हवाओं में उड़ता सुकोमल हंस होता है। मैं मानता हूँ कि इस मूल के संप्रेषण को शिल्प सजी शब्द-श्रृंखला से पृष्ठों पर उकेरना-काव्य की एक विमोहक विधा के अंश को संचित करना है व मृदुल क्षणों को सजीवता से संजोना है। यह भी सच है कि सामाजिक झंझावातों से जीवन की दहलीज़ पर, जीवन के आँगन में व जीवन की बैठक में निरंतर झूझते रहना और उस न ख़त्म होने वाली जंग की शिल्पगत सजीव अभिव्यक्ति का संकलन निश्चय ही कला के व्यापक आकाश में चमकता हुआ एक टुकड़ा बादल होता है। बादल, धूप में, तेज हवाओं में लगातार सजीव रहकर अपने स्वभाव को परिभाषित करता है तथा प्राणी-धर्म का पर्याय हो जाता है। “वेदना के बिंब” इन्हीं दो धाराओं, श्रंगार व सामाजिक यथार्थ के धरातल पर फलती फ़सल का प्रतिबिंब है। स्नेह किसी मज़लूम की ग़ज़लों किसी मुफ़लिस के नग़्मों ने मुसलसल ईश्क़ का इज़हार रोटी से किया होगा।
