जब इंसान अकेले, कठोर संघर्ष कर ख़ुद के प्रयत्न से चमकता है, तो आफ़ताब यानी सूरज बनता है। और जब वह किसी के प्रेम में घुलकर उसकी रोशनी लेकर चमकता है, तो महताब यानी चाँद बनता है। लेकिन प्रेम के रस और सौम्यता को चखकर जो विवेक जागृत होता है, जो रोशनी और तेज पैदा होता है, वह महताब की तरह कोमल और शांत होता है। चाँद शीतलता लिए हुए चमकता है, बिना चुभने वाली कल्याणी चाँदनी की मदद से, इसलिए चाँद को समझना, सराहना और अपनाना सहज है। सबका सफ़र बहुत निजी होता है- ख़ासकर रूह का सफ़र। किसी की रूह सूरज होना चाहती है, किसी की चाँद, तो किसी की कुछ और। मैं सबके सफ़र का सम्मान करता हूँ। 'रूहनामा' मेरा सफ़र है- एक आध्यात्मिक प्रेम को माध्यम बना, स्वयं को सर्व से जोड़ने के प्रयास का। इस पूरे सफ़र के बीच सेवा और समर्पण भाव लिए, चाँद की तरह शीतल, कोमल और संवेदनशील बने रहने की कोशिश का। "मेरे प्रेम में प्रार्थना की भावना छिपी है, इस सिद्धार्थ में गौतम की संभावना छिपी है।"
