हिज्र के तपते हुए सहरा में
कोई बीमार शिफ़ायाब न हो पाए उसे
आख़िरी हिचकी में दीदार-ए-सनम हो तो कहीं नज़्म बने
उजड़े आँगन के अहाते में तेरी आमद हो
और बहारों के वजूदों पे नए रंग खिलें
दूर बे-नूर सी आँखों पे कोई कुर्ता लगे
नज़्म बने
रात वहशत से भरी
जिस में गड़े हैं हर-सू
एक तन्हाई के पंजों के अज़ाब
कान बंजर थे मगर
दूर कहीं
बाँसुरी से नया इक साज़ उभरते ही हँसे
नज़्म बने
सारे रंग अपनी ये रंगीनियाँ खो दें और फिर
तेरी इक चश्म-ए-करम पड़ते ही जल्वे बिखरें
आसमानों से उफ़ुक़-ताब धनक जूँ उतरे
नज़्म बने
सच्चे जज़्बों से भरी कोई हसीं शहज़ादी
वार बैठे किसी झूटे पे वफ़ाएँ अपनी
पत्थर आँखों से जूँही अश्क गिरे
नज़्म बने








