यहीं-कहीं - तेज राम शर्मा

तेज राम शर्मातेज राम शर्मा25 Sept 1943

6 min read · 12.4K reads

मैं फिर आऊँगा लौटकर
और यहीं कहीँ समेट लूँगा
बिखरी पँखुड़ियाँ
कंटीली झाड़ियों में
गुम हुई गेंद कब से
यहीं कहीं सुबक रही होगी
मेरे विस्थापित होने पर

सुहागा फिरी खेत सीढियों पर
सुगंधित माटी में पलटियाँ खाकर
मैं ढूढ लूँगा यहीं कहीं
खोई अपनी हँसी

बान के मोटे तने पर
पींग के निशान के आस-पास
जहाँ उभर आई होगी गाँठ
यहीं कहीं दुबकी पड़ी होगी
आसमान को छूती मेरी उड़ान

हजार थिगलियों वाली
गुदड़ी की तहों में छुपी
स्मित चेहरे वाली मेरी नींद से
यहीं कहीं ईर्ष्या कर रही होगी
मेरी विपन्नता

ह्र्दय की अवरुद्ध धमनियाँ
यहीं कहीं पुआल के ढेरों बीच
ढूँढ लेंगी अपने लहू का आवेश

चोटी की समतल चरागाह में
देवदार की छाँव बीच
आकाश से उतर कर
यहीं कहीं मुझे ढूँढ रहे होंगे
मेरे सपने

धुंध से घिरे
मक्का के लहलहाते सीढ़ी खेतों बीच
तेज़ बौछार में
मकई के बालों से झरते अक्षरों को समेट कर
ढूँढ लूँगा यहीं कहीं अन्तस का स्वर

झाड़ियों में उलझे पंख
यहीं कहीं ढूँढ लूँगा
और पहन लूँगा मोर मुकुट।
तेज राम शर्मा
About the poet

तेज राम शर्मा

View profile & all 20 Poems / Stories