कीलों से जड़ दिया गया हूँ

Shambhunath Singhशम्भुनाथ सिंह

1 min read · 12.6K reads

फ़ुटपाथों की दीवारों पर
कीलों से जड़ दिया गया हूँ।

नंगी सुबहें, भूखी शामें,
पहरा देतीं मुझको घेरे;
व्यर्थ हो गईं सब रोशनियाँ,
बेमानी हो गए अँधेरे!

चार दिशाओं की चौखट में
शीशे से मढ़ दिया गया हूँ!

मंदिर के घेरे के बाहर
एक शिलाखंड-सा गड़ा हूँ;
मरा हुआ देवता बना मैं
सब-कुछ को झेलता खड़ा हूँ!

मूर्ति निराकृति मैं, बालू के
पत्थर में गढ़ दिया गया हूँ!

कानों में डालकर उँगलियाँ
सुनता हूँ दूर के धड़ाके;
आँख बंद कर मैं सहता हूँ,
बेंतों के बेरहम सड़ाके!

भागकर कहाँ जा सकता हूँ,
हवा में जकड़ दिया गया हूँ!

बेमतलब बोलती ज़ुबाँ है,
अनचाहे घूमती नज़र है;
क़त्लगाह को जाने वाली
पिंजड़ागाड़ी मेरा घर है।

लावारिस कुत्ते-सा यों ही
सड़क पर पकड़ लिया गया हूँ!

Shambhunath Singh
About the poet

Shambhunath Singh शम्भुनाथ सिंह

Shambhunath Singh (17 June 1916 – 3 September 1991) was a Hindi writer, freedom fighter, poet and social worker. He was born in Rawatpar village, Deoria district, Uttar Pradesh, India. He did his M.A. in Hindi, earned a Doctoral degree, and worked as a teache…

View profile & all 7 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like