बीज

Radhavallabh Tripathiराधावल्लभ त्रिपाठी15 Feb 1949

2 min read · 12.7K reads

कुछ ऐसे बीज थे जो गोदाम में पडे-पड़े
अकुलाते रह गए कि
हमें भी डाल दिया होता किसी क्यारी में
कोई हमें हाथ में उठाता
और खेत में उछाल कर फेंकता,
हम भी अँकुरा लेते
हम में होते नए पात
हम अपने आप को फ़सलों में बिखेर पाते
और हम फिर से बीज हो जाते।
उनके सपने दिवा स्वप्न बन कर रह गए।
कुछ बीज थे जो कूड़े में फेंक दिए गए
वे उसी में कुकरमुत्तों जैसे उग पड़े
जब तक वे देखना शुरू करते कोई सपना
तब तक नगरपालिका का वाहन आ कर
उखाड़ ले गया उन्हें।

कुछ ऐसे भी थे बीज
जिनका बीज होना ही बधिया दिया गया
प्रयोगशालाओं में
निर्वीर्य बने हुए वे बीज
फिर से बीज होना चाहते रह गए

मुश्किल ही होता है
बीज हो सकना।
उससे ज़्यादा मुश्किल होता है
बीज का अंकुर बनना—
अंकुर का शाखाओं में और पत्तों में विस्तार लेना।
चाहता है हर बीज
बोया जाना, अंकुराना, शाखाओं में पत्तों में, फ़सलों में लहलहाना,
सारे के सारे बीजों की कामनाएँ फल जाएँ
ऐसा हो नहीं पाता।

और उन बीजों का क्या
जो मन के कोने में पड़े रह गए?

Radhavallabh Tripathi
About the poet

Radhavallabh Tripathi राधावल्लभ त्रिपाठी

राधावल्लभ त्रिपाठी (जन्म- 15 फ़रवरी, 1949, राजगढ़, मध्य प्रदेश) प्रसिद्ध साहित्यकार हैं। मुख्यत: वे संस्कृत भाषा के प्रतिष्ठित साहित्यकार के रूप में जाने जाते हैं। उनके द्वारा रचित कविता-संग्रह 'संधानम्' के लिये उन्हें सन 1994 में 'साहित्य अकादमी पुरस्कार' से…

View profile & all 13 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like