समर्पण के नाम सम्बोधन - पुष्पिता

पुष्पितापुष्पिता14 Sept 1960

4 min read · 12.4K reads

अपनी फड़फड़ाहट
सौंप देती है पक्षियों को

अपना ताप
लौटा देती है सूरज को

अपना आवेग
दे देती है हवाओं को

अपनी प्यास
भेज देती है नदी के ओठों को

अपना अकेलापन
घोल देती है एकान्त कोने में

फिर भी
हाँ... फिर भी
उसके पास
यह सब बचा रह जाता है
उसकी पहचान बन कर

मन्दिर में
ईश्वर को हाज़िर मानकर
वह लौटा देती है
अपनी आत्मा
गहरी शान्ति के लिए

बहुत
ख़ामोशी है
शब्द की तरह

आँखें
खुली हैं
क़िताब की तरह

हाथ की उँगलियों में
फँसी है पेंसिल
उतरती हैं उससे काँपती रेखाएँ
और सिहरते शब्द

मन
अब तक नहीं जान पाया
कैसे कहे अपनी बात
कि वह समझी जाए
जो वह कहना चाहता है
ईश्वर को ईश्वर
और
ज़रूरत को ज़रूरत
पुष्पिता
About the poet

पुष्पिता

View profile & all 196 Poems / Stories