धर्म से बाहर - पुष्पिता

पुष्पितापुष्पिता14 Sept 1960

3 min read · 12.4K reads

प्रेम को
पृथ्वी की प्रथम और अंतिम चाहत की तरह
चाहा है।

स्वार्थ के समय ने
प्यार को बहुत मैला कर दिया है।
अविश्वास ने तोड़ दिया है
प्यार का साँचा
जैसे - ईश्वर से बने धर्म से
ईश्वर बाहर हो गया है
जैसे - धर्म के भीतर से
लोगों ने ईश्वर को उठा दिया है।

अपने
मानस के धर्म में
मैं फिर से
रच रही हूँ ईश्वर
अपनी आस्था की ताकत से
वैसे ही
अपने मन के धर्म से
तुम्हारे ह्रदय में
रच रही हूँ प्यार।

शर्तों, अनुबंधों और प्रतिबंधों से परे
तुम मेरे
मन और अस्तित्व की
पहली और अंतिम चाहत हो...।
पुष्पिता
About the poet

पुष्पिता

View profile & all 196 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like