आत्मीयता - पुष्पिता

पुष्पितापुष्पिता14 Sept 1960

4 min read · 12.4K reads

बेआबरू मौसमों की तरह
पड़े हैं सपने
आँखों के कोने में
एकाकी परदेश प्रवास में

सूरज की सेंक में
सुलगते हैं स्वप्न
जिंदगी फिर भी
रचती रहती है नए-नए ख्वाब
विदेशी मित्रों की तरह

अकेले, विदेश में
याद आती हैं सहमी हुई स्मृतियाँ
चाँदनी से भी झरता रहता है अँधेरा
पूर्णिमा की पूरी रात
अकेले में
उदास शब्द के
गहरे अर्थ की तरह

इच्छाएँ तलाशती रहीं
नए पत्ते
जहाँ साँस ले सकें इच्छाएँ
और उनसे जन्म ले सकें
अन्य नवीनतर इच्छाएँ

इच्छाओं के साँचे में
समा जाती हैं जब भी इच्छाएँ
जिंदगी हो जाती है जिंदगी के करीब।
पुष्पिता
About the poet

पुष्पिता

View profile & all 196 Poems / Stories