काश कि पहले लिखी जातीं ये कविताएं-3 - प्रियदर्शन

प्रियदर्शनप्रियदर्शन24 Sept 1968

3 min read · 12.4K reads

वह एक शहर था जो रोज़ नए रूप धरता था
हर गली में कुछ बदल जाता, कुछ नया हो जाता
लेकिन हमारी पहचान उससे इतनी पक्की थी
कि उसके तिलिस्म से बेख़बर हम चलते जाते थे
रास्ते बेलबूटों की तरह पांवों के आगे बिछते जाते
न कहीं खोने का अंदेशा न कुछ छूटने का डर
न कहीं पहुंचने की जल्दी न किसी मंज़िल का पता
वे आश्वस्ति भरे रास्ते कहीं खो गए
वे अपनेपन के घर खंडहर हो गए
हम भी न जाने कहां आ पहुंचे
कभी ख़ुद को पहचानने की कोशिश करते हैं
कभी इस शहर को।

कुछ वह बदल गया
कुछ हम बीत गए।
प्रियदर्शन
About the poet

प्रियदर्शन

View profile & all 60 Poems / Stories