इंसानों की दुनिया में
रंगों की भी अपनी दुनिया है
हरा पेड़ से
सफ़ेद पानी से
काला रंग अँधेरे से बना है
सूरज में पीला रंग अधिक है
धूप खिलती गई
सुर्ख़ होते गए पलाश के रंग
कुछ रंग बासंती फूलों में खिले
पतझड़ों संग भी खिरे कुछ रंग
हज़ारों-हज़ार तितलियों से उधारी
रंग-गुलाल लेकर जो आई है होली
यहाँ हर रंग ख़ुशी का है
हर रंग में उमंग होली की
हर रंग में घुला है रंग प्रेम का
इक रंग गले मिलाता भाईचारे का
देश-प्रेम के रंग कई हैं इन दिनों
उसे नीला रंग पसंद था
मुझे गुलाबी रंग भाता रहा सदा
मुट्ठी से फिसलती रही सोने-सी रेत
वक़्त का न रंग होता न कोई मोल
सफ़ेद ही रहा सदा बारिश का रंग
धुला आकाश जैसे शांति का परचम
दुनिया के सारे रंग जल से ही बने हैं
होली के दिनों
हर गली-मोहल्ले के आकाश पर
हर चेहरे पर पुते रंगों की शक्ल
निकल आता सतरंगी इंद्रधनुष।








