घाट उदास बैठा है
नदी के सिरहाने
उनींदी डाबरों में
सिमटी हुई है नदी
जिसका उथला तल
धँसा जा रहा
पुल के मौक़ों में।
जेठ की तपन में
बड़ी मुश्किल से बचा कर
रखा है जिसने
पटपड़ों की कोह में
हरापन।
नदी की गिरेबान तक
भरी है गाद
कराइयों पर अंकित
भूत के स्वर्णिम निशान
निहारते हैं एकटक
उफनता हुआ
नदी का जल
स्पर्श को लालायित।
पठार में
तब्दील होती नदी
डूबी है इन दिनों
उदासी के चिर-सागर में।








