किसान-कथा

ओम नागरओम नागर20 Sept 1980

1 min read · 12.4K reads

मेरी गवाही में खड़ा गेहूँ

धरती पर आड़ा पड़ा है

मेरी गवाही में महका धनिया

रोग से दुबला गया पिछले दिनों

सरसों की फलियों में भरे बीज

बिखरे पड़े दाना-दाना

खुरदरे पोरों से नहीं सिमटता

यूँ बिखर जाने का दुःख

मेरी मौत की असल पड़ताल नहीं करता कोई

भिन्न कारणों की तलाश में जुटा जाँच-दल

कि मुआवज़े के लिए मर रहा हूँ मैं

काश! मेरे खेत की ज़ुबाँ होती

मेरी मौत की गवाही मेरा खेत दे सकता

सुना है!

एक बार फिर से मेरे दिन फेरने की मुनादी हुई है

एक बार फिर से फ़ाइलों की चाँदी हुई है

एक बार फिर से ज़ख्मों पर छिड़का है नमक।

ओम नागर
About the poet

ओम नागर

View profile & all 51 Poems / Stories