पुनरावर्त्तन - नीरा परमार

नीरा परमारनीरा परमार

7 min read · 12.4K reads

कहीं कोई पत्ता भी नहीं खड़केगा
हर बार की तरह ऐसे ही सुलगते पलाश
रक्त की चादर ओढ़े
चीलों और गिद्धों को खींच ले आएंगे

घेर कर मारे जाने वाले
प्रेमरत जोड़ों को
कुचलने के लिए उठा हुआ पत्थर
अपने सम्पूर्ण खौफ
पूरे वजूद के साथ
पत्थर-युग की हिश्र
कबिलाई जुनून लिए
इसी बीसवीं सदी के जंगल में दहाड़ता है

खामोश!
ऐसे ही कुचल दिए जाते रहोगे
ऐसे ही जलती लकड़ियों से
प्रेम को नंगा कर
दोजखी आग से
झुलसा दिया जाता रहेगा!

किसकी
आखिर किसकी इजाजत से
तुमने अपने माथे पर प्रेम का कलंक लगाया
हद है नाफरमानी की
तुम्हें हमने अखाड़े दिए
खूनी संघर्षों की गलाकाट होड़ के
तुम
इस धर्म जाति नस्ल नीति नाम के
बाड़ों-रेबड़ से अलग हो
इन्सानी बोली बोलने लगे
सुनो नसीहत लो
कहीं कुछ भी नहीं बदला
इस होते रहने के बदले
कहीं खरोंच भी नहीं आएगी
तुम्हारे विरुद्ध उठा हुआ पत्थर
गवाह रहेगा
एक दिन समय के बनैले तीखे दांत
सारी घटनाओं
तथ्यों सबूतों गवाहियों
आक्रोशों-प्रतिरोधों को चट कर जाएंगे
दूर-दूर तक
हवा में कहीं कोई
गंध
कोई सुगबुगाहट तक नहीं होगी!

(नोट: हजारीबाग जिले के हेंदेगढ़ा में घटित ‘महावीर राम, मालती महतो प्रकरण’ से सम्बन्धित। महावीर राम, हरिजन युवक ने मालती महतो से जब प्रेम-विवाह कर लियातो बिरादरी वालों ने महावीर राम को पत्थरों से कुचल कर मार दिया तथा मालती महतों के नंगे बदन पर जती लकड़ियों से प्रहार कर उसे प्रताड़ित किया। इसी संदर्भ में है यह कविता।)
नीरा परमार
About the poet

नीरा परमार

View profile & all 8 Poems / Stories